कर्नाटक: विजयपुरा में भारी वर्षा के बीच छत गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

कर्नाटक: विजयपुरा में भारी वर्षा के बीच छत गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

विजयपुरा कर्नाटक के विजयपुरा जिले में तेज हवाओं के साथ हुई भारी वर्षा के दौरान एक पुराने मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान गुरुनाथ बडिगेरा (35), उनकी पत्नी ज्योति बडिगेरा (28) और उनके दो बच्चों कलम्मा बडिगेरा (13) तथा कीर्ति बडिगेरा (9) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना विजयपुरा जिले के अलमेला तालुका के मोरतगी गांव में हुई।

पुलिस ने बताया कि इस परिवार के निजी आवास में मरम्मत कार्य हो रहा था जिसके कारण परिवार के लोग इस किराए के मकान में रह रहे थे।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि परिवार के चारों सदस्य सो रहे थे, तभी अचानक छत उनके ऊपर गिर गई। वे मलबे के नीचे दब गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के कर्मियों और पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया।

पुलिस ने बताया कि यह घटना सिंदगी पुलिस थाने के अंतर्गत हुई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा कर क्षेत्र का निरीक्षण किया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button