दक्षिण कोरिया में आगजनी में कम से कम सात लोगों की मौत..

दक्षिण कोरिया में आगजनी में कम से कम सात लोगों की मौत..

सियोल, 09 जून दक्षिण कोरिया के देगू शहर में बृहस्पतिवार को आगजनी की घटना के कारण एक इमारत में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। स्थानीय दमकल विभाग और पुलिस के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दर्जनों दमकलकर्मियों और गाड़ियों को तैनात किया गया और आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। यह आग शहर की जिला अदालत के पास एक सात मंजिला भवन की दूसरी मंजिल पर सुबह करीब 10 बजकर 55 मिनट पर लगी थी। पुलिस के मुताबिक उसे संदेह है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने इमारत में स्थित एक वकील के कार्यालय में आग लगाई थी।

डेगू सुसेओंग जिले के अग्निशमन विभाग के प्रमुख पार्क सियोक-जिन ने कहा कि इस घटना में कम से कम 41 लोग घायल हो गए। घायलों में से 26 का इलाज नजदीकी अस्पतालों में चल रहा है।

डेगू मेट्रोपॉलिटन पुलिस के एक अधिकारी जियोंग ह्योन-वूक ने कहा कि कैमरा फुटेज में संदिग्ध अपने घर से बाहर निकलता दिख रहा है और उसके पास एक कंटेनर है जिसका इस्तेमाल आग लगाने के लिए किया जा सकता है। जियोंग ने कहा कि घटना में मारे गए सभी लोग एक ही कमरे में पाए गए और पुलिस इसके संभावित कारणों की जांच कर रही है।

दक्षिण कोरियाई मीडिया ने हादसे की कुछ तस्वीरों को प्रकाशित किया है, जिसमें इमारत से धुआं निकलता दिखाई दे रहा है। इसके अलावा तस्वीरों में राहत एवं बचाव के प्रयासों में जुटे आपातकालीन विभाग के कर्मचारियों को भी देखा जा सकता है। डेगू दक्षिण कोरिया का चौथा सबसे बड़ा शहर है और यहां करीब 26 लाख लोग रहते हैं।

दीदारे ए हिन्द की रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button