योग की भव्यता लोगों को प्रेरित करेगी: मोदी..

योग की भव्यता लोगों को प्रेरित करेगी: मोदी..

नई दिल्ली, 29 जून । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने योगाभ्यास को सशक्तिकरण का माध्यम करार देते हुए कहा है कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आयोजन की भव्यता लोगों को योग अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।
श्री मोदी ने रविवार को आकाशवाणी पर अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 123 वीं कड़ी में राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार भी 21 जून को देश-दुनिया के करोड़ों लोगों ने ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ में हिस्सा लिया। इसका प्रारंभ 10 वर्ष पहले हुआ‌ और प्रतिवर्ष यह पूर्ण भाव होता चला गया। उन्होंने कहा कि इसका संकेत है की पूरी दुनिया में योग के प्रति रुचि बढ़ रही है‌ और लोग अपने दैनिक जीवन में योग अपना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस बार के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की मुख्य विषय वस्तु – ‘एक पृथ्वी – एक स्वास्थ्य’ के लिए योग रही। यह ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ का अहसास कराती है। श्री मोदी ने कहा, ‘ मुझे विश्वास है, इस बार के योग दिवस की भव्यता ज्यादा से ज्यादा लोगों को योग को अपनाने के लिए जरूर प्रेरित करेगी।’
योगाभ्यास आयोजन की व्यापकता का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विशाखापत्तनम के समुद्र तट पर तीन लाख लोगों ने एक साथ योग किया। विशाखापत्तनम में ही दो हजार से ज्यादा आदिवासी छात्रों ने 108 मिनट तक 108 सूर्य नमस्कार किए। यह अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा, ‘ हमारी नौसेना के जहाजों पर भी योग की भव्य झलक दिखी। तेलंगाना में तीन हजार दिव्यांग साथियों ने एक साथ योग शिविर में भाग लिया। उन्होंने दिखाया कि योग किस तरह सशक्तिकरण का माध्यम भी है।’
श्री मोदी ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने योग को स्वच्छ यमुना के संकल्प से जोड़ा और यमुना तट पर जाकर योग किया। जम्मू-कश्मीर में दुनिया के सबसे ऊँचे रेल पुल चिनाब सेतु पर लोगों ने योग किया। हिमालय की बर्फीली चोटियाँ पर भारत तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों ने योग किया। गुजरात के वडनगर में 2121 (इक्कीस सौ इक्कीस) लोगों ने एक साथ भुजंगासन किया और नया रिकॉर्ड बना दिया। न्यूयॉर्क, लंदन, टोक्यो, पेरिस, दुनिया के हर बड़े शहर से योगाभ्यास का आयोजन किया गया। योग अभ्यास की प्रत्येक तस्वीर में शांति, स्थिरता और संतुलन दिखायी दिया।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button