भारत-यूरोपीय संघ नारी सशक्तिकरण के संयुक्त प्रयास पर सहमत….

भारत-यूरोपीय संघ नारी सशक्तिकरण के संयुक्त प्रयास पर सहमत….

नई दिल्ली, 28 फरवरी। भारत और यूरोपीय संघ ने नारी सशक्तिकरण, समानता और समावेशी विकास के संयुक्त प्रयासों पर सहमति जताई है।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने गुरुवार देर शाम यहां यूरोपीय संघ- समानता, तैयारी और संकट प्रबंधन आयुक्त हादजा लाहबीब से मुलाकात की और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि यह बैठक महिला सशक्तिकरण के लिए नीतियों को बढ़ावा देने तथा महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए सहयोगात्मक प्रयासों में भारत-यूरोपीय संघ संबंधों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

यह बैठक यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन की उच्च स्तरीय यात्रा का हिस्सा है। वह भारत की यात्रा पर हैं। उनके साथ आयुक्तों का समूह में 26 मंत्री भी शामिल हैं।

श्रीमती अन्नपूर्णा देवी और सुश्री लाहबीब ने महिला सशक्तिकरण और बाल कल्याण के क्षेत्रों में भारत-यूरोपीय संघ सहयोग को मजबूत करने के लिए विभिन्न संभावनाओं पर विचार विमर्श किया। दोनों नेताओं ने समावेशी नीतियों को बढ़ावा देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की जो महिलाओं और बच्चों, विशेष रूप से कमजोर और हाशिए के समुदायों के बच्चों के कल्याण के लिए हैं।

श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने एक सुरक्षित और समावेशी समाज के निर्माण के लिए भारत की अटूट प्रतिबद्धता पर जोर दिया, जहाँ महिलाएँ और बच्चे फल-फूल सकें।

सुश्री हदजा लाहबीब ने महिला सशक्तिकरण में भारत की प्रगति की सराहना की और इस क्षेत्र में साझेदारी को मजबूत करने के लिए यूरोपीय संघ की प्रतिबद्धता दोहराई।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button