एफपीआई ने अप्रैल में अबतक शेयर बाजार से निकाले 62,204 करोड़ रुपये
एफपीआई ने अप्रैल में अबतक शेयर बाजार से निकाले 62,204 करोड़ रुपये
मुंबई, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने अप्रैल में अबतक भारतीय पूंजी बाजार से शुद्ध रूप से 62,204 करोड़ रुपये की निकासी की है।
पश्चिम एशिया संकट शुरू होने के बाद यह लगातार दूसरा महीना है जब एफपीआई भारतीय पूंजी बाजार में बिकवाल रहे हैं।
केंद्रीय डिपॉजिटरी सेवा (सीडीएसएल) के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल में अबतक एफपीआई ने इक्विटी में अपना निवेश 48,213 करोड़ रुपये कम किया है। डेट और हाइब्रिड उपकरणों में भी वे बिकवाल रहे हैं जबकि म्यूचुअल फंड में उनका निवेश सकारात्मक रहा है।
अप्रैल में डेट में एफपीआई का निवेश 14,106 करोड़ रुपये कम हो गया। हाइब्रिड उपकरणों में उन्होंने 44.42 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की।
वहीं, म्यूचुअल फंड में उन्होंने विश्वास दिखाया है और अबतक 159 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है।
इससे पहले, मार्च में एफपीआई ने भारतीय पूंजी बाजार से रिकॉर्ड 1,26,991 करोड़ रुपये निकाले थे जबकि फरवरी में उन्होंने 37,847 करोड़ रुपये का सकारात्मक निवेश किया था।
मौजूदा कैलेंडर वर्ष में अब तक उन्होंने 1,80,419 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की है।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट