आईपीएल 2026 में राजस्थान के युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने अपनी रफ्तार से मचाया तहलका, 154.2 किमी/घंटा की गति से फेंकी सीजन की सबसे तेज गेंद
आईपीएल 2026 में राजस्थान के युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने अपनी रफ्तार से मचाया तहलका, 154.2 किमी/घंटा की गति से फेंकी सीजन की सबसे तेज गेंद
हैदराबाद, इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के सीजन में गुजरात टाइटन्स के युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा नई सनसनी बनकर उभरे हैं। 23 वर्षीय इस राजस्थानी गेंदबाज ने राजस्थान के खिलाफ मैच में 154.2 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गेंद फेंककर इस सीजन की सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। अशोक ने अपनी बुलेट जैसी गति से दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज एनरिक नॉर्किया को पीछे छोड़ दिया है। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद गुजरात ने उन पर भरोसा जताया, जिसे उन्होंने अपनी रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ से सही साबित कर दिखाया है।
अशोक शर्मा का आईपीएल के मुख्य मंच तक पहुंचने का सफर काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। कभी राजस्थान रॉयल्स के लिए ‘नेट गेंदबाज’ के रूप में पसीना बहाने वाले अशोक को 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने खरीदा था, लेकिन उन्हें मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिला। लंबी प्रतीक्षा और घरेलू टूर्नामेंटों जैसे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार गेंदबाजी के दम पर उन्हें 2026 की नीलामी में गुजरात टाइटन्स ने 90 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। अब वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण से पहले ही 150+ की रफ्तार छूने वाले उमरान मलिक और मयंक यादव के क्लब में शामिल हो गए हैं।
आईपीएल 2026 की सबसे तेज गेंदों की सूची में भारतीय गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिल रहा है। अशोक शर्मा (154.2 किमी/घंटा) जहां शीर्ष पर हैं, वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स के कार्तिक त्यागी (149.7 किमी/घंटा) तीसरे स्थान पर मौजूद हैं। इस लिस्ट में एनरिक नॉर्किया, कगिसो रबाडा और जेमी ओवरटन जैसे अंतरराष्ट्रीय दिग्गज भी शामिल हैं। हालांकि, आईपीएल इतिहास की सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड अब भी शॉन टेट (157.71 किमी/घंटा) के नाम है, लेकिन जिस तरह से युवा भारतीय गेंदबाज अपनी गति बढ़ा रहे हैं, वह भविष्य के लिए भारतीय क्रिकेट के लिए शुभ संकेत है।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट