सीएम सरमा का बड़ा दावा………बीजेपी 100 सीटों के करीब जीतेगी
सीएम सरमा का बड़ा दावा………बीजेपी 100 सीटों के करीब जीतेगी
जोरहाट, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक ऐसा दावा कर दिया जिससे राज्य में चुनावी माहौल तेजी से गरमा गया है। दरअसल जोरहाट शहर में आयोजित एक विशाल रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री सरमा ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में 90 से 100 सीटें जीत सकती है।
यह रोड शो दोस एंड को चरियाली से लेकर बरुआह चरियाली तक निकाला गया, जिसमें लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। रैली के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। यह रोड शो हितेंद्र नाथ गोस्वामी के समर्थन में आयोजित किया गया था, जो गौरव गोगोई के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं। रोड शो के बाद मुख्यमंत्री सरमा ने नेहरू पार्क चरियाली में एक जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने जोरहाट की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में कई विकास परियोजनाएं चल रही हैं, जिनमें पेयजल योजनाएं प्रमुख हैं।
उन्होंने काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर का भी जिक्र किया और कहा कि इसके बनने से जोरहाट और गुवाहाटी के बीच यात्रा समय लगभग एक घंटे तक कम हो जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे विकास के मुद्दे को ध्यान में रखकर वोट दें। चुनावी नतीजों को लेकर आत्मविश्वास जताते हुए सरमा ने कहा कि जनता का भारी समर्थन भाजपा की जीत सुनिश्चित करेगा। अपने संबोधन के अंत में बारिश शुरू होने पर उन्होंने कहा, जब ‘नर’ और ‘नारायण’ एक साथ आते हैं तो सफलता निश्चित होती है।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट