केंद्र सरकार एफसीआरए संशोधन विधेयक को जल्दबाजी में पारित कराने की कोशिश कर रही है : वेणुगोपाल
केंद्र सरकार एफसीआरए संशोधन विधेयक को जल्दबाजी में पारित कराने की कोशिश कर रही है : वेणुगोपाल

नई दिल्ली, 01 अप्रैल। कांग्रेस महासचिव एवं सांसद के. सी. वेणुगोपाल ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह संसद में विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) संशोधन विधेयक को जल्दबाजी में पारित कराने की कोशिश कर रही है।
श्री वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि यह कदम ऐसे समय उठाया जा रहा है जब कांग्रेस सहित कई विपक्षी दल विधानसभा चुनावी व्यस्तताओं में लगे हुए हैं। उन्होंने इस प्रस्तावित कानून को “स्पष्ट रूप से असंवैधानिक” बताते हुए आरोप लगाया कि इससे गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओएस) और सामाजिक संस्थाओं, खासकर अल्पसंख्यक समुदायों द्वारा संचालित संगठनों पर गंभीर असर पड़ेगा। कांग्रेस इस “कठोर और दमनकारी” विधेयक के जरिए ईमानदार परोपकारी संस्थाओं पर दबाव बनाने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने देगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने सभी सांसदों को तत्काल दिल्ली पहुंचकर संसद की कार्यवाही में शामिल होने का निर्देश दिया है। साथ ही, पार्टी ने बुधवार सुबह 10:30 बजे संसद के बाहर इस विधेयक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। कांग्रेस का कहना है कि वह किसी भी हालत में इस विधेयक को पारित नहीं होने देगी और इसके खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।
गौरतलब है कि विधेयक 25 मार्च को लोकसभा में पेश किया गया था। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार को जोर देते हुए कहा कि एफसीआरए संशोधन विधेयक का उद्देश्य केवल राष्ट्रीय सुरक्षा और हितों के खिलाफ विदेशी धन के उपयोग को रोकना है, न कि किसी धार्मिक संगठन को निशाना बनाना।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट