आईपीएल 2026 में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का धमाका

आईपीएल 2026 में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का धमाका

मुंबई, 11 अप्रैल। राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ महज 26 गेंदों में 78 रनों की तूफानी पारी खेलकर क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के जड़ते हुए स्विंग के सुल्तान भुवनेश्वर कुमार और ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज जोश हेजलवुड के खिलाफ बेखौफ शॉट लगाए। वैभव की इस आक्रामक बल्लेबाजी और ध्रुव जुरेल की 81 रनों की सधी हुई पारी की बदौलत राजस्थान ने 202 रनों के विशाल लक्ष्य को मात्र 18 ओवरों में ही हासिल कर लिया। इससे पहले मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में भी वैभव ने जसप्रीत बुमराह जैसे दुनिया के नंबर वन गेंदबाज के एक ही ओवर में दो छक्के लगाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था।

शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए वैभव सूर्यवंशी ने मैच के बाद अपनी सफलता का मूल मंत्र साझा किया। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें दुनिया के इतने बड़े गेंदबाजों का सामना करने में डर नहीं लगता, तो उन्होंने बड़ी सादगी से जवाब दिया, “सर, मैं गेंदबाज के नाम को नहीं बल्कि उसकी गेंद को खेलने की कोशिश करता हूं।” वैभव ने बताया कि वह अपनी ताकत और अभ्यास पर भरोसा करते हैं। हालांकि उनके मन में यह रहता है कि सामने कौन सा गेंदबाज है, लेकिन क्रीज पर पहुँचते ही उनका पूरा ध्यान सिर्फ गेंद की दिशा और गति पर होता है, जिससे उन्हें निडर होकर खेलने में मदद मिलती है।

78 रनों की पारी खेलने के बावजूद आउट होने पर वैभव थोड़े निराश नजर आए, क्योंकि वे टीम को जीत दिलाकर ही वापस लौटना चाहते थे। अपनी इस परिपक्व सोच के पीछे उन्होंने अपने पिता और स्थानीय अभिभावक रोमी सर के मार्गदर्शन को श्रेय दिया। वैभव ने कहा कि उनके कोच उन्हें हमेशा याद दिलाते हैं कि यह सफर बहुत लंबा है और उन्हें केवल अपने खेल और अनुशासन पर ध्यान देना चाहिए। उनकी यह जिम्मेदारी भरी सोच दिखाती है कि क्यों वे आईपीएल के इस सीजन में सबसे चर्चित युवा खिलाड़ियों में से एक बनकर उभरे हैं। राजस्थान की इस जीत ने अंक तालिका में उनकी स्थिति को और भी मजबूत कर दिया है।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button