आईटीबीपी की मेजबानी में 26वीं अखिल भारतीय पुलिस लॉन टेनिस चैंपियनशिप, आईटीबीपी बनी विजेता
आईटीबीपी की मेजबानी में 26वीं अखिल भारतीय पुलिस लॉन टेनिस चैंपियनशिप, आईटीबीपी बनी विजेता
नई दिल्ली, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) द्वारा 24 से 28 मार्च 2026 तक आयोजित 26वीं अखिल भारतीय पुलिस लॉन टेनिस चैंपियनशिप 2025–26 का समापन शनिवार को नई दिल्ली स्थित आर.के. खन्ना स्टेडियम में भव्य समारोह के साथ हुआ।
समापन समारोह में खुफिया ब्यूरो के निदेशक तपन कुमार डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने आईटीबीपी, अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड, विभिन्न राज्य पुलिस बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों से आए खिलाड़ियों व अधिकारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
अपने संबोधन में डेका ने कहा कि ऐसे खेल आयोजन उभरती प्रतिभाओं को पहचानने और निखारने का सशक्त माध्यम हैं, जो भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने पुलिस बलों में लॉन टेनिस की समृद्ध परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करती है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि खेल न केवल युवाओं को प्रेरित करते हैं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्टता की भावना को भी बढ़ावा देते हैं। साथ ही, उन्होंने आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस बलों की भूमिका और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उनके योगदान की सराहना की।
आईटीबीपी के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए चैंपियनशिप का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया और खेलों को बढ़ावा देने के प्रति बल की प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं, अतिरिक्त महानिदेशक (मुख्यालय) संजय गुंज्याल ने आभार प्रदर्शन किया।
चैंपियनशिप में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य पुलिस बलों की 23 टीमों के 135 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में कुल 24 पदकों (12 स्वर्ण और 12 रजत) के लिए मुकाबले हुए।
टीम स्पर्धा में आईटीबीपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए समग्र विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि बीएसएफ ने द्वितीय स्थान हासिल किया। समारोह में विभिन्न पुलिस बलों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट