अपर्णा सेन ने ठुकरा दिया था फिल्म अंकुर का ऑफर, अब हो रहा पछतावा

अपर्णा सेन ने ठुकरा दिया था फिल्म अंकुर का ऑफर, अब हो रहा पछतावा

  • मुंबई, 07 अप्रैल। क्या आपको पता है कि शबाना आजमी की पहली ही फिल्म अंकुर में जो रोल अभिनेत्री ने किया है वह इस रोल के लिए डायरेक्टर की पहली पसंद नहीं थीं? मूवी में शबाना आजमी की परफॉर्मेंस की हर तरफ जमकर तारीफ हुई और इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड भी मिला था। दरअसल श्याम बेनेगल ने यह फिल्म पहले मशहूर एक्ट्रेस अपर्णा सेन को ऑफर की थी, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया था।
  • हाल ही में बातचीत के दौरान अपर्णा ने इसके पीछे की वजह बताई। उन्होंने कुबूल किया कि उस वक्त उनकी हिंदी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हो रही थीं। अपर्णा के मुताबिक, उन्होंने हिंदी फिल्में कभी स्टार बनने के लिए नहीं, बल्कि पैसों की जरूरत के चलते की थीं और उनके फैसले अक्सर गलत साबित हुए। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि अंकुर उन फिल्मों में से एक थी जिसे न करना उनकी बड़ी गलती थी। अपर्णा सेन ने आगे बताया, ‘श्याम ने मुझे फिल्म का सिनोप्सिस भेजा था। उसमें लिखा था कि फिल्म की मुख्य किरदार को हिंदी के साथ-साथ थोड़ा तेलुगु लहजे में बात करनी होगी। मुझे लगा कि यह मेरे लिए बहुत मुश्किल होगा, ऊपर से मुझे एक घरेलू नौकरानी का रोल करना था। सच कहूं तो मैं इसे लेकर बिल्कुल भी कॉन्फिडेंट नहीं थी। यह श्याम की पहली फिल्म थी और नए डायरेक्टर होने की वजह से कई लोग उन्हें पहले ही मना कर चुके थे। मैंने उनसे कहा कि मुझे कहानी तो बहुत पसंद आई, लेकिन मैं यह फिल्म नहीं कर पाऊंगी।’ उन्होंने आगे कहा, ‘श्याम ने बस इतना कहा कि ठीक है, आप सिनोप्सिस वापस भेज दीजिए।
  • उन्हें यकीनन बुरा लगा होगा, लेकिन अगर उन्होंने मुझसे क्यों पूछा होता, तो शायद मैं उन्हें अपनी घबराहट के बारे में बताती और वो मुझे समझा लेते। पर शुक्र है ऐसा नहीं हुआ, क्योंकि शबाना आजमी ने उस रोल में जो कमाल किया, वो अद्भुत था। बताते चलें कि ‘अंकुर’ में शबाना आजमी ने लक्ष्मी का यादगार किरदार निभाया था। फिल्म की कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने मूक-बधिर पति के साथ गुजर-बसर करने के लिए एक जमींदार के घर में काम करती है। कहानी में मोड़ तब आता है, जब युवा जमींदार और लक्ष्मी के बीच नजदीकियां बढ़ जाती हैं, जिससे उस गांव में बड़ा विवाद खड़ा हो जाता है।

सियासी मियार की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button