सोने का चाकू

सोने का चाकू

-अखिलेश-

उनकी चार औलादें थीं। जाहिद, ताहिर, मुजाहिद और फाकिर। फाकिर के सिवा बाक़ी सभी सयाने हो गए थे। इस शहर में उन्हें नवासा मिला था, क्योंकि नाना की इकलौती औलाद का इंतकाल हो गया था। वैसे कहने वालों की जबान पर कोई ताला नहीं लगा सकता। लोग कहते हैं कि मीर साहब ने अपने मामा को जहर दिलवा दिया था।

मीर साहब ने मामा की मल्कियत संभाली तो उनके सामने सबसे बड़ी लेकिन प्रमुख समस्या थी, रोब ग़ालिब करने की। नतीजा यह हुआ कि बेक़सूर लोगों पर…जुल्म बढ़ चला। उनके अत्याचार की एक ख़ास अदा थी। वे रियाया को गुबंद में बंधवाकर पीटते थे। ख़ैर, अब तो वह बुलंद जमाना ही चला गया। जिसका उन्हें बहुत दुःख था।

उन्होंने यहा आकर एक और काम किया, तवायफों में अपना विशेष स्थान बनाया। तवायफों के बीच उनका इतना दबदबा था कि उनकी जिद पर हीरा बाई ने चांद (अवध प्रांत का एक क़स्बा, जहां की वेश्याओं के सम्मान में प्रांत की अन्य वेश्याएं उनके सामने घुंघरु तक नहीं बांधती-में घुंघरु बांध लिया था। लौटने पर उसे बिरादरी से इतनी फटकार मिली कि वह फूट-फूटकर रोने लगी। तभी मीर साहब खांसते हुए सीढ़ियां उतर गए थे।

सच्चाई यह थी कि उनसे वे सभी भयंकर घृणा करती थीं। वे महफिलों में मुफ़्त बुलाते जबकि दोस्तों में हजार रुपए में बुलाने का ऐलान करते। उन सबका मन करता कि मीर साहब को कोड़ों से इतना पीटें कि उनके कपड़े तार-तार हो जाएं। मगर वे मजबूर थीं, क्योंकि उन्हीं की बिल्डिंग में वे सभी सस्ते किराए पर किराएदार थीं।

मीर साहब को शिकस्त दी मदीना ने। मदीना के बूढ़े अब्बा नन्हें मियां मस्जिद की बग़ल में लालटेन बनाने का काम करते थे। मदीना बहुत सुंदर थी। गेहुंवन रंग वाले चहरे पर तैरती हुई-सी गहरी-गहरी आंखें। वह बेहद भावुक लेकिन इरादे की पक्की थी। मीर साहब ने उससे प्रेम किया। बड़े-बड़े वायदे किए। फिर जिनां किया। फिर अपनी जिंदगी से भगा दिया। मगर अगले ही दिन मदीना उनके बंगले पर पहुंच गई। मीर साहब ने ग़ुस्सा दिखाया तो उसने उनका मुंह नोच कर लहू-लुहान कर दिया और घर में जबरन घुस गई। तब से वहीं रह रही है। बीवी की मौत के बाद कुछ दिनों की जद्दोजहद से उसने मीर साहब को निकाह के लिए राजी कर लिया। इतने दिनों के साथ ने उनके मन में भी लगाव पैदा कर दिया था। वे पिघल गए। शादी करने के साथ-साथ मदीना से माफी भी मांगी। मदीना को मीर साहब के रुप में जैसे कोई पैगंबर मिल गया हो। वह जन्नत में पहुंच गई हो। मुजाहिद और फाकिर उसी से पैदा हुए।

जाहिद भट्ठा चलाते थे। ताहिर ठेकेदारी करते थे पर असल धंधा तस्करी था। मुजाहिद जनरल स्टोर्स की दुकान देखता। फाकिर हाई स्कूल में पढ़ता था। स्कूल से लौटने के बाद दुकान पर मुजाहिद की मदद करता।

जाड़े की शाम थी। चहल-पहल को ठंडक ने सोख लिया। सड़कें ख़ाली-ख़ाली और वातावरण वीरान लगने लगा। मुजाहिद ने बीरु चायवाले से स्पेशल चाय बोल दिया फिर अलमारी से गिरने-गिरने को हुए सामानों को ठीक किया।

दो-एक मिनट बीता होगा, एक ग्राहक आ गया, स्टोव की एक पिन चाहिए।

वह उठकर पिन ले आया। शुरु में उसे ऐसे ग्राहकों से बड़ी खीझ होती थी। वे पांच पैसे के लिए उठने की जहमत कराते थे। पर मालूम नहीं कैसे अब्बा ने इस खीझ को भांप लिया था, देखिए हजरत, इस तरह तिजारत नहीं हो पाती, उसके लिए तहजीब और मशक्कत की जरुरत होती है। समझे! और यह जो खाली वक़्त में बैठ जाते हो, ऐसे काम नहीं चलेगा। खड़े रहा करो। तभी ख़रीदार आयेंगे।

उसे तिजारत का तरीका आता भी कैसे, अभी उसकी उम्र भी क्या थी! अठारह वर्ष।

अब्बा और भाइयों की लापरवाही से वह बिगड़ गया था। कोई टोकने वाला था नहीं। स्कूल से भागने लगा। सिनेमा,चाय और जुआ उसके शौक बन गए।

अब्बा को दौलत इकट्ठी करने का नशा तो था ही, उस पर इंटर में मुजाहिद का दो बार फेल हो जाना। उन्होंने उसकी पढ़ाई छुड़ा दी। क़स्बाई शहर में हिसाब से बेहतरीन दुकान खुलवाकर उसे बैठा दिया कहा, प्राइवेट इम्तिहान दिया करिए।

अब तो उसका मन कुछ लगने लगा वर्ना पहले उसे दुकानदारी कालकोठरी लगती, जिसमें वह अकेला क़ैद कर दिया गया हो। उसका दिल सड़कों पर घूमने और दोस्तों के बीच बतियाने को मचलता।

बीरु चाय का गिलास रख गया। इस बीच चार-छः अच्छे ग्राहक आए थे। आख़िर में एस.डी.ओ. का चपरासी उनके छोटे से बच्चे के साथ आया था। मुजाहिद ने सामान अच्छी तरह पैक किया बच्चे को मुफ्त में टाफी देकर मुस्कराया, पापा से मेरा सलाम बोलना।

अब वह दुबारा ख़ाली हो गया। चाय की चुस्कियां लेते हुए सड़क पर बैठे रफीक मियां को देखने लगा। वे खंभे की टेक लेकर बांसुरी बजा रहे थे।

रफीक मियां बांसुरी बेचते थे। वे मैले-फटे कपड़े पहने अधपके बाल-दाढ़ी वाले अधेड़ आदमी थे। बांसुरी बजाकर ग्राहकों को मुतअसर करते थे। बजाने में उनका आस-पास तक में कोई जवाब न था। वे बजाते तो कभी-कभी राह चलते पारखी लोग थक कर घंटो खड़े रहते।

रफीक मियां के बारे में वह अक्सर सोचता है कि वे खाते-पीते कैसे हैं? पूरे दिन में मुश्किल से चार-पांच बांसुरियां बिकती होंगी। कभी-कभी वे भी नहीं…

उसका दिमाग़ वहां से हट गया। एक डिग्री कॉलेज के प्रिंसिपल साहब आए थे, वे कॉलेज में खेल-कूद का जिम्मा भी अपने पर लिए थे। वे अब्बा के दोस्त थे और प्रायःबिना खेल-कूद का सामान लिए ख़ूब सारे सामानों का बिल बनवाते। उसने आठ सौ तैंतीस रुपए बयालीस पैसे का बिल बना दिया।

शाम रात में तब्दील होने वाली थी। मस्जिद से इशा की नमाज सुनाई दे रही थी। थोड़ी देर बाद अब्बा भी घुमते-टहलते आते होंगे।

वह चुस्त होकर काम करने लगा। वह इस कोशिश में भी था कि चेहरे पर रौनक और खुलापन आ जाए।

अब्बा को लेकर उसे बहुत शिक़ायत थी। वे उससे, दूसरे भाई लोगों से यहां तक कि अम्मी से भी मुहब्बत से बात नहीं करते। एक दफा उसने अम्मी से इसकी वजह पूछी थी। उन्होंने उदास होकर कहा था, तुम्हारे अब्बा खुदाई नुमाइंदे हैं। उन्हें फुर्सत कहां है? उनका दीन तो नमाज, कुरान पढ़ना और काफिरों के ख़ात्मे-ख़ातिर दौलत इकट्ठी करना है।

उसका जी घबड़ाने लगा। फाकिर अभी तक नहीं आया। अब्बा की ओर से हिदायत थी कि फाकिर स्कूल से लौटकर दूकान पर बैठा करे। पर फाकिर जी चुराता था। मुजाहिद ने अपने तकलीफ को सोच कर उसे छूट दे रखी थी कि वह घूमे-फिरे मगर अब्बा के आने के टाइम पर पहुंच जाए। अब्बा के आने का समय…

फाकिर आता दिखा। उसको चैन मिला। वह गुनगुनाने लगा। तभी उसका ध्यान रफीक मियां पर चला गया, जो ठिठुरा देने वाली ठंडक में खुले आसमान के नीचे पड़े थे। उसने सोचा, उन्हें भी चाय पिला दे मगर ऐसा कर न सका, क्योंकि पहले वह रफीक मियां को चाय पिला देता था। पर एक दिन अब्बा को मालूम हुआ तो डांटा, इन्हें मुंह नहीं लगाना चाहिए। जिसके ऊपर खुदा रहम नहीं करता उस पर रहम करना खुदा से ख़िलाफत करना है।

उसके मन में आया कि उनसे पूछे, फिर क्यों खैरात बांटने के लिए जलसा करते हो। भीख देने के लिए डिब्बा भर दो-दो पैसे के सिक्के दुकान में रखने को कहते हो। उसने रफीक मियां को उनकी हालत पर छोड़ दिया। अपने और फाकिर के लिए चाय मंगाई। दोनों चाय पीने लगे।

सुबह का निकला मुजाहिद रात को दुकान बढ़ा कर घर पहुंचा। अब्बा मौजूद थे। तकिये के सहारे अधलेटे हुक़्क़ा गुड़गुड़ा रहे थे। उसने पूरे दिन की बिक्री की रकम सामने रख दी। उन्होंने चश्मे के भीतर से आंखें उठाकर रुपयों को देखा। थोड़ी देर बाद उठाकर अलमारी में रखा फिर लौट कर पैर झाड़ कर चारपाई पर बैठ गए। और हुक़्क़ा गुड़गुड़ाने लगे। मुजाहिद के लिए नौकर नाश्ता रख गया। वह अब्बा की मौजूदगी झेलते हुए नाश्ता करने लगा। उसे भूख लग जाती थी।

मीर साहब ने फटकारा, अहिस्ता-अहिस्ता खाइए। भागा नहीं जा रहा है। बद्तमीज कहीं के। वे ऐनक पोंछ कर अख़बार पढ़ने लगे।

भीतर से कूकर की सीटी की आवाज आ रही थी।

वह भीतर जाने लगा तो अब्बा ने चश्में के अंदर से घूर कर उसे रोक दिया, इंटीमेट के लिए कितने का आर्डर दिया गया?

डेढ़ हजार का।

और आज मुझे कितना रुपया दिया आपने?

उसने मन ही मन कहा, गिना तो था आपने, लेकिन बोला, चैबीस सौ ग्यारह।

अब्बा ने चश्मा उतार कर उसे घूरा। फिर हुम कहकर धीरे से चश्मा पहना और अख़बार सामने कर लिया।

अंदर आ कर उसने हाथ-पैर वग़ैरह धोया। तौलिए से मुंह पोंछते हुए अम्मी के कमरे में आया और उनकी चारपाई के पायताने बैठ गया।

अम्मी ने उसे प्यार से झिड़का कि वह आराम से क्यों नहीं बैठता। वह उदास दिख रही थीं। उनकी गऊ-सी आंखें फूली हुई थीं। आंखों के नीचे चमड़ी खुश्क हो गई थी।

हर दिन की तरह आज भी घर में एक मनहूसियत-सी छाई हुई थी। अजीब लगता था, जैसे कोई बिना आवाज के सिसक रहा हो।

उसने अम्मी को पान थमा दिया। वह उनके लिए रोज बाजार से लजीज पान लगवाकर लाता था। अम्मी पान की गिलोरी मुंह में डाल कर कहीं खो गईं। उनकी आंखें कमरे की छत पर टिकी थीं।

इस बीच बड़ी भाभी दो बार कमरे में झांक चुकी थीं। मुजाहिद को यह चीज बहुत चुभती थीं। इस मकान को जाने किसकी बद्दुआ लगी थी, किसी को चैन नहीं था। सब एक दूसरे को शक और नफरत की निगाहों से देखते थे। दीवारें पुतती थीं। दरवाजे मजबूत किए जाते थे। पर जज्बात स्याह हो रहे थे। दिल और दिमाग़ अपाहिज हो रहे थे।

अम्मी ने भांप लिया कि दुल्हन का इस तरह झांकना उसे नागवार लगा। उन्होंने समझाया, बेटे, इसमें इसकी ग़लती नहीं है। दरअसल इस घर की बुनियाद ही ऐसी है जिस पर शक़, नफरत, बेचैनी बदनीयती का ही फूल खिल सकता है। वह थोड़ी देर चुप रहीं फिर सांस छोड़ती हुई बोलीं, हां इस पर कभी ख़ूबसूरत फूल नहीं खिल सकता। कभी नहीं।

माहौल काफी गंभीर हो गया। उसे लगा, अम्मी की तसल्ली के लिए कुछ कहना चाहिए। मगर उसे एक भी हरफ नहीं सूझ रहा था। वह असफलता को छिपाने के किए चादर का कोना मरोड़ने लगा।

उन दोनों के सिर पर मच्छरों का एक जत्था आ कर मंडराने लगा। कूकर ने सीटी बजाई। छोटी भाभी ने वहीं से बताया कि खाना पक गया है। वह अब्बा को इतिला करने के लिए उठा। अम्मी ने कहा, अभी लौटकर जरा सुनना बेटे।

वह लौट कर आया और सवालिया नजरों से अम्मी को ताकने लगा। वह कुछ देर ख़ामोश रहीं, फिर फुसफुसाकर बोलीं, जरा बाहर देख, कोई खड़ा तो नहीं है। उसने बाहर झांककर बताया, नहीं। वे पास खिसक आयीं, मुजाहिद कल अपने नाना को दुकान से कुछ रुपए दे आना! और देखो, अब्बा से बचाकार जाना। वर्ना तेरे नाना और हम दोनों में से कोई जिंदा न बचेगा। वाक्य पूरा करते-करते उनके चेहरे पर ख़ौफ की पर्त जम गई।

बाहर से आकर नौकर ने मुजाहिद से कहा, साहेब तुमको बुलाय रहे हैं।

वह पहुंचा तो अब्बा हीटर से हाथ-पांव सेंक रहे थे।

कल की मजलिस की याद है?

जी।

जाइए। वे पुनः एकाग्र होकर हीटर तापने लगे।

वह खा-पीकर सोने चला तो क़रीब बारह बजने वाले थे। पांच कमरे एक क़तार में बने थे। पहला बड़ी भाभी का। दूसरा अम्मी का। तीसरा छोटी भाभी का। चैथा मुजाहिद का और पांचवां फाकिर का।

वह चारपाई पर लेटा, तब उसे दिन भर की थकान का अहसास हुआ। गोया उसकी नफ़्सें अब तक सो रही थीं।

अम्मी, फाकिर, बड़ी भाभी के कमरों की बत्ती बुझी थी। उसने भी बुझा दी। लेटने को हुआ कि भाभी का रोना और चीख़ना सुनाई पड़ा। ताहिर भाई हर दिन की तरह आज भी शराब के नशे में धुत आए थे। भाभी को लात-घूंसे भयानक रुप में पड़ रहे थे। वे जितनी तेज आवाज में रोतीं, ताहिर भाई की गालियां उतनी तेज हो जातीं। नशे के सरुर में वे तस्करी की गोपनीय बातें भी बक देते थे।

वह इन सबसे अन्यमनस्क सोने की कोशिश करने लगा।

भाभी का रुदन धीरे-धीरे सिसकियों मे बदल गया और उसकी भी पलकें भारी होती गईं।

वह एक-डेढ़ घंटे ही सो सका होगा कि कालबेल की घनघहाहट ने नींद तोड़ दी। उसने खिड़की से देखा, बड़ी भाभी चप्पल घिसटाती हुई दरवाजा खोलने जा रही थीं।

छोटी भाभी के कमरे से अभी भी सिसकियां सुनाई पड़ रही थीं।

सुबह फजर की नमाज ने मुजाहिद की आंखें खोल दीं। रजाई से बाहर निकलने को मन न हो रहा था पर भीतर रहना मुमकिन न था। वह बाहर निकला। अम्मी के कमरे में अब्बा आदमक़द शीशे के सामने स्टूल पर बैठ कर दाढ़ी में चमचमाहट और मुलायमियत लाने के लिए कोई क्रीम लगा रहे थे। वह कुछ आलस्य, कुछ मौज में आकर ठहर गया। उन्होंने तेल की शीशी खोली। उसके नथुनों में तेज खुशबू समा गई। तेल लगाने के बाद वह दाढ़ी व सिर के बालों में कंघी करने लगे। बाद में कंघा उल्टा कर कई बार बालों को दबाया। कपड़े पहनकर ऊपर में सेंट छिड़का। फिर सिर में टोपी और पैरों में चप्पल डालकर खड़े होकर आइने में ख़ुद को निहारने लगे। देर होने लगी तो मुजाहिद आगे बढ़ गया था।

दिशा-मैदान से फारिग होकर वह बाहर लान में आया और एक किनारे कुर्सी डाल कर धूप खाने लगा। पास ही माली कैंची से घास को बराबर कर रहा।

दूर दीवार से सटा कर कुछ बेंचें रखी थीं, जिन पर खस्ताहाल लोग बैठे थे। मुजाहिद से थोड़े फासले पर अब्बा दो लोगों के साथ धूप खा रहे थे। नाश्ता कर रहे थे। और बतिया रहे थे। वह दोनों को पहचानता था। एक एम.पी. रामजिवान पांडे थे। धोती-कुर्ता-सदरी पहने थे। सदरी की जेबें पेनों से ठसीं थीं और उंगलियां अंगूठियों से। कभी अब्बा उनके सामने झुक कर घिघियाने लगते और कभी वह अब्बा से सामने झुककर दांत चियांरते। दूसरा आदमी सेल्स टैक्स अफसर था।

नौकर चाय, नाश्ता और तिपाई एक साथ ले आए। मुजाहिद नाश्ता करने लगा। अंडे का हलुवा और शाही टुकड़ा पसंद आ रहा था।

पांडेजी अब्बा को सुना-सुना कर अफसर को लताड़ रहे थे। अफसर की घिघ्घी बंध गई थी। अब्बा अकड़कर आंखें स्थिर किये हुए निर्विकार भाव से दाढ़ी पर हाथ फेरे जा रहे थे।

अंडे का हलुवा और शाही टुकड़ा समाप्त करने के बाद वह आमलेट पर जुट गया। साथ ही चाय भी सुड़क रहा था।

कुछ बकरियां लान में घुसने लगी थीं। अब्बा के चहेते कुत्ते टोनी ने भूंक कर भगा दिया।

उसने ख़स्ताहाल लोगों को देखा तो उसे अब्बा का दबदबा याद आने लगा। उसने घड़ी देखी, पौने नौ बज रहे थे वह उठ खड़ा हुआ। दुकान की चाभी लेने भीतर चला गया।

लौटने लगा तो अम्मी ने फुसफुसाकर कहा, वो नाना वाली बात याद रखना।

इतवार बंदी का दिन होता। मुजाहिद लखनऊ सामान लाने उसी दिन जाता। वहां माल ख़रीद कर बुक करा देता। पिछली बार का माल आया था। उन्हीं सामानों पर दाम चढ़ा रहा था। जब उसने पहली बार यह काम किया तो आंखें फैल गई थीं, इतना मुनाफा। फिर अब्बा का व्यापार का तरीका ही दूसरा था। वे दाम ज्यादा रखवाते और यह मशहूर कर रखा था कि सारे शहर के दुकानदार नक़ली माल बेचते हैं। उनके यहां पैसा जरुर ज्यादा लगता है; मगर सामान सही मिलता है। जबकि मुजाहिद भी सामान और लोगों की तरह ही लाता था।

दाम लिखते-लिखते उसकी उंगलियां दर्द करने लगीं।…महीने का आख़िरी हफ़्ता था। मद्दी का समय। चटकी तो पहले हफ़्ते में या लगन में होती है। लगन शुरु होनेवाली थी। इसलिए उसे तकरीबन हर इतवार को लखनऊ सामान लाने जाना पड़ रहा था। अब्बा की सख़्त हिदायत थी कि जितना सामान जमा कर सको कर लो। लगन में मनमाना बिकेगा।

वह उंगलियां चटकाने लगा। कुछ मन भी उचाट हो गया। आजकल वह अक्सर घबड़ा उठता था। बात यह थी कि गांव में जायदाद ख़तरे में थी। वहां दो-ढाई सौ बीघे खेत थे। सब ठीक चल रहा था। मगर मजदूर इन दिनों बाग़ी हो गए थे। उसी में कुछ झगड़ा-फसाद भी एकाध बार हो गया था।

तो भी अब्बा करीब दो दर्जन मुक़दमे लड़ रहे थे। वे रोज ही कचहरी पहुंचते रहते। घर में भी फाइलों से मगजपच्ची करते रहते। मुक़दमेबाजी के कारण कई बार फौजदारी भी हुई। उसका भी मुक़दमा बना।

वह अटैची पर दाम चढ़ा ही रहा था कि रफीक मियां भी अपना अटखर-बटखर लेकर पहुंचे और सड़क की पटरी पर जम गए। लगे बांसुरी बजाने।

वह चिढ़ गया। उसे रफीक मियां से नफरत सी होने लगी। इस बात को वह समझ नहीं पाया कि क्यों उसे नफरत हो रही है।

तभी रफीक मियां उसकी घृणा से बेख़बर एक आदमी लेकर उसके पास आए और बोले, अरे शाहजादे, इसका भी काम करा दो। वह छोटे क़द का काला-काला मरियल-सा आदमी था। उसकी तीन बीघें जमीन पर अब्बा ने अपना दावा ठोंक दिया था। मुक़दमा चल रहा था।

रफीक मिया को लगा, मुजाहिद ने उनकी बात सुनी नहीं, उन्होंने दुबारा सिफारिश की।

वह अब्बा के मामले में अपनी औक़ात जानता था फिर भी उसने रफीक मियां पर रोब झाड़ लेना बुरा नहीं समझा, चल हट यहां से। अभी गल्ला भी न खुला और आ गया मनहूस चेहरा लेकर। वह भुनभुनाने लगा, एक से एक फटीचर चले आते हैं साले।

रफीक मियां बड़ी उम्मीद लेकर पैरवी करने आए थे किंतु दोस्त के सामने ही बेइज्जती ने उन्हें हिलाकर रख दिया। वे बदहवास से, कुछ डरे दिल से अपनी दुकान की तरफ बढ़ गए।

उसने दाम चढ़ाना ख़त्म किया। अगरबत्तियां सुलगाईं और तीन-चार शीशों में मढ़ी कुरान की आयतों में खोंस दीं। बीरु चाय वाले को स्पेशल का आर्डर दिया और ग्राहकों में रम गया। ग्राहक आने शुरु हो गए थे।

वह तेज-तेज घर की ओर चलने लगा। घर पर आज मजलिस थी। वह साधारण मजलिस न थी। इसकी अहमियत थी। तकरीर करने के लिए जोगीपुरा से इमाम आए थे। और यहां शहर के सभी नामी-गिरानी लोग इकठ्टा होने वाले थे।

घर अभी दो फर्लांग था। अंधेरा शुरु हो गया। एक अजीब बात थी उसके शानदार मकान के इर्द-गिर्द टूटे-फूटे खपरैल या झोपड़े थे। जैसे बरगद के विशाल दरख़्त के नीचे कोई पौधा नहीं पनपता। जहां उसका मकान चमचमाता रहता था। वहीं आस-पास के घर कोढ़ी जैसे लगते थे।

वह पत्थरों पर पैर रख कर चलने लगा। नालियों का पानी बहकर रास्ते में आ गया था। अब्बा ने इस जहमत से बचने के लिए थोड़ी-थोड़ी दूरी पर चैड़े-चैड़े पत्थर रखवा दिए थे।

मकान को देखकर उसकी तबीयत खुश हो गई। छत से लेकर फर्श तक सभी दीवारों को लाल-पीली झालरों से सजाया गया था। इमामबाड़ा खोल दिया गया था। भीनी-भीनी महक आ रही थी। अंदर सेहरा पहने पंजों से खूबसूरती में चार चांद लग गए थे। मिबंर ऐसा था कि देखने वाले की नजरें अनायस उस पर पड़ जातीं। वह अंदर जाने वाला था कि नाना के दुकान के बग़ल वाली मस्जिद के मौलवी साहब लपककर आए। वे जु़बान में शहद घोल कर बोले, जरा अपनी बड़ी भाभी को मेरे आने की ख़बर कर देना। कहने के बाद उनके हाथों में पड़ी पुड़िया कस उठी। वह घुट कर रह गया। वह जानता थी कि बड़ी भाभी ने यह पुड़िया क्यों मंगाई। उनका कोई माशूक होगा जो उनके मुरझाए चेहरे से मुतअसर न होता होगा। उसी को फंकाकर वश में करने के लिए उन्होंने मौलवी साहब से नजर की हुई चीनी मंगाई होगी।

मुजाहिद उफन रहा था। कुछ तो दुकानदारी तेज न होने की कचोट थी और कुछ अम्मी की तकलीफ का दुःख। अम्मी नामालुम क्यों हमेशा बुझी-बुझी रहतीं। उनमें जैसे दर्द का कोई समंदर घुमड़ता रहता हो। वे बाज वक़्त आंखों पर बांहें डाले घंटों पड़ी रहतीं।

रफीक मियां बांसुरी बजाने में तल्लीन थे। आंखें झपकाते हुए बाजार चले जा रहे थे। उनके आस-पास काफी मजमा इकठ्टा हो गया था।

मजमें को देख-देख वह और उफनता। हालांकि वह भली-भांति जानता था कि इनमें से एक भी बांसुरी ख़रीदेगा नहीं। फिर भी उसे रफीक मियां से डाह हो रही थी।

रफीक मियां का लड़का खाना लेकर आया। उन्होंने बांसुरी बजाना बंद कर दिया। लोग छंटने लगे। रफीक मियां ने हाथ-मुंह धोया। फिर खंभे की ओट करके खाना खाने लगे। वे धीरे-धीरे खा रहे थे। लड़का प्याज छील रहा था…।

मुजाहिद ने राहत की सांस ली। जैसे दुश्मन ने कनपटी से पिस्तौल हटा ली हो। उसने फाकिर से कहा कि घूमना चाहे तो घूम आए। फाकिर ख़ुश होकर बाहर निकल गया। वह उसे ओझल होने तक देखता रहा।

लड़का प्याज धोकर लेने लगा तो मुस्कराते हुए जाने क्या भुनभुनाया कि रफीक मियां हरामी अब बता रहा है। चिल्लाते हुए फुर्ती से उठे। हड़बड़ाहट में खाने की थाली उनके पैरों से लगी। जोरों की झनझनाहट हुई, भात और बैंगन का चोखा छितरा गया। वे बेहोश से भागे-भागे मुजाहिद के पास आए। उनका चेहरा फक और होंठ सफेद पड़ गए थे। वे ख़ौफजदा थे उन्होंने पल भर में सब कह डाला। यह भी बताया था कि उसके अब्बा को मार डालने के बाद वे लोग अब उसके पास आ रहे हैं।

उसने बिजली-सी रफ़्तार से सामान भीतर कर डाला, एक तौलिया लेने के बाद लपटकर शटर गिराया और ताले बंद किए। तौलिया से आनन-फानन में सिर और मुंह लपेटा, कोट का कालर खड़ा किया। लुकते-छिपते गलियां पार करने लगा।

मारने वालों ने तो अपनी तरफ से मार ही डाला था लेकिन वह बच गए थे। बाहर लान में ही वे चारपाई पर लिटाए गए थे। पहली बार घर की जनाना लोगों ने पर्दा तोड़ा था।

ऐसा लगता था कि लोगों ने पहले लात-घूंसों और जूतों से मारा था फिर चाक़ू से वार किया था। पांच बार चाक़ू से वार किया गया था। ख़ून से भीगे हुए थे मीर साहब। बीच-बीच में हिला देने वाली आवाज में चिल्ला उठते थे।

वे गांव गए थे। वहीं अपने खेत में काम करने वाले मजदूरों को किसी बात पर पीटना शुरु कर दिया था। मजदूरों ने भी रोष में कुछ गाली-गलौज किया। इसी बात पर उनका ग़ुस्सा बेक़ाबू हो गया। उन्होंने एक बूढ़े मजदूर के पेट में अपनी चमकती गुप्ती भोंक दी। बस यहीं से क़यामत शुरु हो गई। शायद मीर साहब को यह इलहाम न था कि मजदूर इस कदर हमलावर हो जाएंगे।

पके बाल वाले डॉक्टर ने अन्य दो डॉक्टरों से मशविरा करके कोई दवा मीर साहब को पिलाई। उनका कहराना धीमा होने लगा।

शहर की हस्तियों का आना-जाना शुरु हो गया था। क्या शिया, क्या सुन्नी और क्या हिंदू-सभी इज्जतदार और ओहदेदार लोग भागते चले आ रहे थे। लम्हा भर में कारों, स्कूटरों की लंबी क़तार लग गई।

मीर साहब ने धीरे से गरदन हिलाई। उन्होंने इशारा किया, जनाना लोग भीतर चली जाएं।

लान खचाखच भरा था। हरी-हरी घासें बड़ी बेरहमी से कुचली जा रही थीं। लोग अलग-अलग टुकड़ों में बंट गए थे। धीरे-धीरे बातचीत भी होने लगी थी। मीर साहब के लड़कों मे भयावह बेचैनी घुमड़ रही थी।

मीर साहब जोर से चिंघाड़े, फिर दर्द से छटपटाने लगे। उनकी आंखों में मौत की दहशत और तकलीफ का बियावान दिख रहा था।

डॉक्टरों ने मीर साहब का दुबारा मुआइना किया। वे हताश दिखाई पड़े। हिचकते हुए उन्होंने लड़कों से कहा, इन्हें लखनऊ ले जाना पड़ेगा।

जाहिद के मुंह से बेसाख्ता निकला, पर पुलिस की कारवाई तो अभी…।

एमपी रामजियान बीच में ही तपाक से बोल पड़े। वो मैं देख लूंगा।

फाकिर अभी छोटा था। उसका अब्बा को ले जाने का सवाल नहीं उठता था। बाक़ी तीनों भाई मुंह चुराने लगे। सभी के मन में था, जाना ख़तरे से ख़ाली नहीं, अब्बा रास्ते में मर जाएं और इधर घर में क़ीमती सामान दूसरे भाई, अम्मी लोग हड़प लें। मुजाहिद के मन में एक बार आया कि वही अब्बा को लेकर लखनऊ चले। वह उनकी औलाद है। मगर हक़ीक़त ने उसके इस इरादे को मंसूख कर दिया। उसने दूसरे भाइयों के बारे में सोचा तो पाया कि उसका अब्बा के साथ जाना ठीक नहीं। उसने मन ही मन कहा, इन लोगों की कम-अज-कम बीवी लोग यहां रहेंगी। मेरे लिए कौन होगा?

उसने दृढ़ता के साथ तय किया, वह नहीं जाएगा। किसी भी सूरत में नहीं जाएगा।

यह निश्चय करने के बाद वह बचने के लिए अंदर चला आया।

भीतर आंगन में बैठी हुई अम्मी एकटक आसमान ताक रही थीं। दोनों भाभी किसी चीज के इंतजार में मुस्तैदी से व्यग्र थीं।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button