स्वदेश लौटीं विनेश फोगाट, दिल्ली एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत, बजरंग, साक्षी सहित कई दिग्गजों ने की अगवानी

स्वदेश लौटीं विनेश फोगाट, दिल्ली एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत, बजरंग, साक्षी सहित कई दिग्गजों ने की अगवानी

नई दिल्ली, 18 अगस्त। पेरिस ओलंपिक में महिलाओं के 50 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में पहुंचने के बावजूद अधिक वजन होने के कारण पदक नहीं जीत पाने वाली भारत की स्टार पहलवान विनेश फोगाट का शनिवार को यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया।

बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक जैसे स्टार खिलाड़ियों के अलावा पंचायत नेता भी विनेश का स्वागत करने के लिए पहुंचे थे। विनेश फूल मालाओं से लदी थी। उन्होंने खुली जीप में सवार होकर लोगों का आभार व्यक्त किया।

विनेश ने हाथ जोड़कर कहा,‘‘मैं पूरे देश का आभार व्यक्त करती हूं।’’

इसके बाद यह विशाल काफिला विनेश के साथ हरियाणा में उनके गांव बलाली रवाना हुआ। पूरे रास्ते में लोग उनके स्वागत के लिए खड़े थे और इस पहलवान ने भी उनका आभार व्यक्त किया।

अपने गांव रवाना होने से पहले विनेश ने दिल्ली के द्वारका में एक मंदिर में पूजा अर्चना भी की।

विनेश के आगमन के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पेरिस ओलंपिक में फाइनल से पहले किए गए वजन में उनका वजन 100 ग्राम अधिक निकला था जिसके कारण उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था।

विनेश ने संयुक्त रूप से रजत पदक दिलाने के लिए खेल पंचाट में अपील की थी जिसके कारण वह पेरिस में रुकी रही। खेल पंचाट ने उनकी अपील को खारिज कर दिया था।

साक्षी मलिक ने कहा,‘‘वह लंबे समय बाद स्वदेश लौटी है। वह काफी भावुक है। वह कुछ समय अपने परिवार के साथ बिताएगी और खुद को शांतचित्त रखेगी। विनेश ने महिलाओं के लिए जो कुछ किया है वह सराहनीय है। वह भले ही पदक हासिल नहीं कर पाई लेकिन हमारे लिए वह चैंपियन है।’’

लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता निशानेबाज और पेरिस ओलंपिक में भारतीय दल के नेता गगन नारंग ने विनेश को चैंपियन करार दिया। यह दोनों एक ही उड़ान से दिल्ली पहुंचे थे।

नारंग ने पेरिस हवाई अड्डे पर विनेश के साथ खींची गई तस्वीर को एक्स पर पोस्ट किया।

नारंग ने लिखा,‘‘वह खेल गांव में पहले दिन चैंपियन के रूप में पहुंची थी और वह हमेशा हमारी चैंपियन रहेगी। कुछ अवसरों पर करोड़ों लोगों को प्रेरित करने के लिए ओलंपिक पदक की जरूरत नहीं पड़ती। विनेश फोगाट आपने लोगों को प्रेरित किया है। आपके जज्बे को सलाम।’’

विनेश के भाई हरविंदर फोगाट ने कहा,‘‘ हमारे गांव में लोग उनका स्वागत करने के लिए इंतजार कर रहे हैं। लोग उनसे मिलने को लेकर उत्साहित हैं।’’

इस दिग्गज पहलवान ने अयोग्य ठहराए जाने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में शनिवार को कहा कि उन्हें लगता है कि विभिन्न परिस्थितियों में वह 2032 तक खेल सकती हैं क्योंकि उनमें अभी काफी कुश्ती बची है, लेकिन अभी वह अपने भविष्य को लेकर अनिश्चित है क्योंकि हो सकता है कि चीजें पहले की तरह न हों।

अयोग्य ठहराए जाने के बाद विनेश ने खेल से संन्यास की घोषणा कर दी थी।

सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक पोस्ट में विनेश ने अपने बचपन के सपने और अपने पिता को खोने के बाद की मुश्किलों के बारे में बताया। उन्होंने अपनी इस असाधारण यात्रा में लोगों के योगदान को भी याद किया।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button