रमजान को लेकर रोजेदारों में उत्साह..

रमजान को लेकर रोजेदारों में उत्साह..

गाजियाबाद,। चांद के दीदार के साथ ही शुक्रवार से पहले रोजे के साथ कल से माह-ए-रमजान की शुरुआत होने जा रही है। इसके लिए मुस्लिम समुदाय में बेहद उत्साह है। वहीं, बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। मस्जिदों में भी सफाई और सजावट का कार्य हो गया है।

मुहर्रम कमेटी के चेयरमैन हाजी चमन ने बताया कि करीब 31 साल बाद मार्च में रोजे शुरू होने जा रहे हैं। गुरुवार रात चांद दिखने की उम्मीद है। चांद देखने को लेकर मुस्लिमों में खासा उत्साह है। 24 मार्च को सुबह फज्र की नमाज से पहले रोजे की नियत करते हुए सहरी खाई जाएगी। उसके बाद शाम मगरिब की अजान के साथ रोजा खोला जाएगा।

शहर काजी मसरूर अब्बासी ने बताया यदि गुरुवार रात को चांद के दीदार हो जाते हैं तो सुबह से तरावीह की नमाज शुरू हो जाएंगी। रोजे शुरू होने को लेकर मस्जिदों में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के लोहिया नगर, कैला भट्टा और इस्लाम नगर समेत बड़ी मस्जिद और मदरसों में भी सफाई का कार्य मुकम्मल हो गया है। मस्जिदों और मदरसों में चटाई आदि की व्यवस्था के साथ वजू खानों को भी तकरीबन दुरुस्त कर लिया गया है, ताकि इबादतगारों को कोई परेशानी न हो।

पूरे साल में सबसे अफजल होता है रमजान का महीना

शहर काजी ने कहा कि साल के 12 महीनों में रमजान का महीना सबसे अफजल माना जाता है। इस माह में की गई इबादत का शबाब कई गुना मिलता है। यही वजह है कि लोग इबादत को लेकर गंभीर रहते हैं। चांद दिखते ही मस्जिदों और मदरसों में एक माह तक चलने वाली तरावीह की नमाज शुरू हो जाएगी। 24 मार्च से शुरू हो रहे रोजे अगले महीने 21 अप्रैल तक चलेंगे। इसके बाद चांद दिखने पर 22 अप्रैल को ईद मनाई जाएगी।

ग्राहकों की भीड़ से बाजार गुलजार : घंटा घर, कैला भट्टा, इस्लाम नगर और अन्य बाजारों में रमजान की रौनक बढ़ गई है। बाजार में कीमिया, क्राउन, लंबा दाना खजूर व फलों की बिक्री बढ़ गई है। सहरी और इफ्तार के लिए सामानों की खरीदारी हो रही है। महिलाएं सहरी और इफ्तार के सामानों की खरीदारी करने में जुटी हुई हैं। चांद रात के चलते बुधवार को भी फेनी, खजला, सेवईं, मेवा, खजूर, फ्रूट मसाले, ग्रोसरी आदि की खूब खरीदारी हुई।

दीदार ए हिन्द की रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button