मप्रः सब जूनियर बालक अकादमी नेशनल हॉकी चैंपियनशिप का शुभारम्भ

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पहली बार आयोजित सब जूनियर बालक अकादमी नेशनल हॉकी चैंपियनशिप-2021 का सोमवार को साई भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक सत्यजीत संकृत के मुख्य आतिथ्य में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन चार मुकाबले खेले गए। इन प्रारम्भिक मुकाबलों में ओडिशा नेवल टाटा हॉकी हाई परफारमेंस सेंटर, ओलम्पियन विवेक सिंह हॉकी अकादमी, राजा करण हॉकी अकादमी और राउंडग्लास पंजाब हॉकी क्लब अकादमी ने जीत दर्ज की।

हॉकी इंडिया तथा प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वाधान में भोपाल में पहली बार सब जूनियर बालक अकादमी नेशनल हॉकी चैंपियनशिप-2021 का आयोजन किया जा रहा है। साई भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक सत्यजीत संकृत ने चैंपियनशिप का शुभारम्भ करते हुए खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता कोरोना काल के बाद आयोजित पहली प्रतियोगिता है। उन्होंने भोपाल आए सभी खिलाड़ियों, तकनीकी अधिकारियों और प्रशिक्षकों का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की कि इस प्रतियोगिता से देश को चैम्पियन खिलाड़ी मिलेंगे। उन्होंने हॉकी इंडिया तथा खेल और युवा कल्याण विभाग के इस प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की।

शुभारम्भ कार्यक्रम में अर्जुन अवार्डी एवं साई भोपाल के हाई परफारमेंस डायरेक्टर यशपाल सिंह सोलंकी, संयुक्त संचालक खेल डॉ. विनोद प्रधान एवं बी.एस यादव विशेष रूप से उपस्थित थे।

प्रतियोगिता में सोमवार को चार मुकाबले खेले गए। पहला मैच प्रातः 7.00 बजे बरार हॉकी अकादमी (विदर्भ) अमरावती विरूद्ध ओडिशा नेवल टाटा हॉकी हाई परफारमेंस सेंटर के मध्य हुआ। जिसमें ओडिशा नेवल टाटा हॉकी हाई परफारमेंस सेंटर ने 30-0 से बरार हॉकी अकादमी परास्त किया। प्रतियोगिता का दूसरा मैच प्रातः 8.45 बजे भाई बेहलो हॉकी अकादमी भागटा विरूद्ध ओलम्पियन विवेक सिंह हॉकी अकादमी के मध्य हुआ। जिसमें ओलम्पियन विवेक सिंह हॉकी अकादमी ने 12-1 से भाई बेहलो हॉकी अकादमी भागटा को परास्त किया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत तीसरा मैंच प्रातः 10.15 बजे चीमा हॉकी अकादमी विरूद्ध राजा करण हॉकी अकादमी के मध्य हुआ जिसमें राजा करण हॉकी अकादमी ने चीमा हॉकी अकादमी को 8-0 से परास्त किया। प्रतियोगिता का शुभारम्भ दोपहर 3.00 बजे हुआ और इसके बाद चौथा मैच अपरांह 03.30 बजे सिटीजन हॉकी इलेवन विरूद्ध राउण्डग्लास पंजाब हॉकी क्लब अकादमी के बीच खेला गया। इस मुकाबले में राउण्डग्लास पंजाब हॉकी क्लब अकादमी ने 19-0 से सिटीजन हॉकी इलेवन को हराया।

मंगलवार को होने वाले मुकाबले

प्रतियोगिता के तहत दूसरे दिन 5 अक्टूबर को कुल चार मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच प्रातः 7.00 बजे ध्यानचंद हॉकी अकादमी विरूद्ध साई अकादमी, दूसरा मैच 8.45 बजे गुमानहिरा राईजर्स अकादमी विरूद्ध एसजीपीसी हॉकी अकादमी, तीसरा मैच प्रातः 10.15 बजे हिम अकादमी विरूद्ध वादीपत्ती राजा हॉकी अकादमी तथा चौथा मैच 3.30 बजे हरियाणा हॉकी अकादमी विरूद्ध तमिलनाडू हॉकी अकादमी के मध्य खेला जायेगा।

Related Articles

Back to top button