नौसेना ने लक्षद्वीप से गंभीर रूप से बीमार बच्चे को विमान से कोच्चि लाकर अस्पताल में भर्ती कराया
नौसेना ने लक्षद्वीप से गंभीर रूप से बीमार बच्चे को विमान से कोच्चि लाकर अस्पताल में भर्ती कराया

नई दिल्ली, भारतीय नौसेना ने लक्षद्वीप द्वीपसमूह से गंभीर रूप से बीमार चार वर्षीय बच्चे को डोर्नियर विमान से कोच्चि लाकर एक सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
नौसेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह रात्रिकालीन चिकित्सा निकासी अभियान 27 अगस्त को दक्षिणी नौसेना कमान ने चलाया। उन्होंने बताया कि रात्रि 12:30 बजे लक्षद्वीप केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन से गंभीर रूप से बीमार बच्चे के लिए तत्काल चिकित्सा निकासी का अनुरोध प्राप्त हुआ था।
प्रवक्ता के अनुसार, कोच्चि स्थित आईएनएस गरुड़ से नौसेना का एक डोर्नियर विमान प्रतिकूल मौसम के बावजूद तुरंत रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि बच्चे को अगत्ती द्वीप से एयरलिफ्ट कर सुबह 5:45 बजे कोच्चि लाया गया। कोच्चि पहुंचने के बाद बच्चे को तुरंत न्यूरोसर्जरी के लिए एक सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रवक्ता ने कहा कि यह सफल निकासी अभियान नौसेना की त्वरित कार्रवाई क्षमता और ‘देश के लिए कभी भी, कहीं भी’ की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

