महसूस होता है कि मुख्यमंत्री भी हैं कार्यवाहक : अखिलेश..

महसूस होता है कि मुख्यमंत्री भी हैं कार्यवाहक : अखिलेश..

मैनपुरी, । उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में बुधवार को राज कॉरपोरेशन लिमिटेड के एमडी के आवास पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए सपा मुखिया अखिलेश यादव भी पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार को निशाने पर लिया।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के डीजीपी ही कार्यवाहक नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री भी कार्यवाहक हैं। कहा कि उत्तर प्रदेश को पिछले तीन कार्यवाहक डीजीपी मिले हैं। इससे यही महसूस हो रहा है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री भी कार्यवाहक हैं। कहा कि भारतीय जनता पार्टी भू-माफिया बन गई है। मैनपुरी से लेकर अयोध्या तक भाजपा के नेता जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं।

भाजपा न संविधान को मानती है न कानून को

उन्होंने कहा कि प्रशासन भाजपा के लोगों को जमीन पर कब्जा करा रहा है। अगर सभी रजिस्ट्री निकाल ली जाएं तो भाजपा के लोगों की पोल खुल जाएगी। कहा कि जिस दिन से नई संसद का उद्घाटन हुआ, उसके बारे में न जाने क्या क्या सपने दिखाए जा रहे हैं। वहीं जिस दिन उसका उद्घाटन हुआ उसी दिन पुलिस ने जाकर पहलवानों को गिरफ्तार कर ये संदेश दिया कि भाजपा के लोग न संविधान को मानते हैं और न कानून को।

संसद के उद्घाटन में राष्ट्रपति को भूल गए?
नए संसद भवन का अखिलेश यादव द्वारा विरोध करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिस समय यही भारतीय जनता पार्टी दूसरे दलों से राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट मांग रही थी तो आदिवासी और महिला होने का गुणगान कर रही थी। लेकिन, आज जब संसद का उद्घाटन था तो राष्ट्रपति को क्यों भूल गए। कहा कि इस देश में सबसे ज्यादा नुकसान अगर किसी ने किया है तो छुआछूत ने किया है। धरती पर इस तरीके का भेदभाव आदमी आदमी से छुआछूत करता हो कहीं नही है। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य, हरिपाल सिंह आदि मौजूद रहे।

निशाने पर रहे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक
अखिलेश यादव के निशाने पर इस बार डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य नहीं बल्कि बृजेश पाठक रहे। उन्होंने अमेठी में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक द्वारा एक दलित के घर खाना खाने को लेकर कहा कि भाजपा वाले घर से खाना बना कर तो नहीं ले गए थे। या फिर पहले से ही बता दिया होगा की यह बनाकर रखना इस बात का मुझे यकीन है। वहीं बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को बीमार बताया। कहा कि मैनपुरी ही नहीं प्रदेश के सभी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। मैनपुरी में पोस्टमॉर्टम के लिए रुपये लिए जाने के मामले पर भी उन्होंने अफसोस जताया।

दीदार ए हिन्द की रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button