जेप्टो का जल्द आएगा मेगा आईपीओ: 8,010 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी करेगी कंपनी
जेप्टो का जल्द आएगा मेगा आईपीओ: 8,010 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी करेगी कंपनी
-क्विक-कॉमर्स क्षेत्र में सूचीबद्ध होने वाली पहली इकाई बनेगी
नई दिल्ली, 09 जून । क्विक-कॉमर्स सेक्टर की दिग्गज कंपनी जेप्टो ने अपने बहुप्रतीक्षित इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग के लिए सेबी के पास नए ड्राफ्ट पेपर जमा कर दिए हैं। कंपनी इस आईपीओ के माध्यम से 8,010 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करेगी। इसके अलावा, मौजूदा निवेशक ऑफर फॉर सेल के तहत अपने 11.34 करोड़ शेयर बेचेंगे। इस महत्वपूर्ण कदम से जेप्टो भारतीय शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने वाली देश की पहली पूरी तरह से क्विक-कॉमर्स कंपनी बनने की राह पर है।
तेजी से बढ़ती कमाई और विस्तार की योजनाएं
कंपनी के वित्तीय आंकड़ों के अनुसार, जेप्टो की कमाई में पिछले तीन वर्षों में जबरदस्त उछाल देखा गया है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी की कुल कमाई 22,623.58 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। आईपीओ से जुटाई गई राशि का मुख्य उपयोग कंपनी के डार्क स्टोर्स का नेटवर्क बढ़ाने, नई तकनीक में निवेश करने और अपने मार्केटिंग ऑपरेशंस को और अधिक आक्रामक बनाने में किया जाएगा। यह फंड कंपनी की प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त को और मजबूत करेगा।
मुनाफे और घाटे का लेखा-जोखा
राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ परिचालन लागत और घाटे में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का कुल खर्च 29,026.74 करोड़ रुपये रहा, जिसमें सामान की खरीद और तेजी से डिलीवरी सुनिश्चित करने का खर्च प्रमुख है। मॉर्गन स्टेनली, गोल्डमैन सैक्स और एक्सिस कैपिटल जैसे बड़े वित्तीय संस्थान इस आईपीओ का प्रबंधन संभाल रहे हैं। निवेशकों की नजर अब इस बात पर है कि यह आईपीओ आने वाले समय में क्विक-कॉमर्स इंडस्ट्री को किस तरह नई दिशा देता है।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट