हलवारा हवाई अड्डे पर पहली वाणिज्यिक उड़ान उतरी, 30 साल का इंतजार खत्म

हलवारा हवाई अड्डे पर पहली वाणिज्यिक उड़ान उतरी, 30 साल का इंतजार खत्म

चंडीगढ़, दिल्ली से एयर इंडिया की एक उड़ान शुक्रवार सुबह पंजाब के लुधियाना स्थित हलवारा हवाई अड्डे पर उतरने वाली पहली वाणिज्यिक उड़ान बन गई।

रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने राज्य के कुछ पार्टी नेताओं के साथ दिल्ली से हलवारा आ रही इस उड़ान में यात्रा की।

उड़ान के नवनिर्मित हवाई अड्डे पर उतरने के बाद बिट्टू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि दिल्ली से यह उड़ान पंजाब के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐतिहासिक उड़ान में अपने ही शहर में उतरने जैसा एहसास और कुछ नहीं होता। आज हलवारा हवाई अड्डे पर मिले अपार और गर्मजोशी भरे स्वागत से, मैं अत्यंत भावुक हूं। लुधियाना के अपने भाइयों-बहनों के चेहरों पर खुशी एवं उत्साह देखकर यह यात्रा और भी खास बन गई।’’

बिट्टू ने कहा, ‘‘दिल्ली से यह उड़ान पंजाब के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है। 30 साल का इंतजार आखिरकार इस विमान के यहां उतरने के साथ समाप्त हुआ।’’

उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय उद्योग और आर्थिक वृद्धि को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।

मंत्री ने कहा, ‘‘पंजाब को यह उपहार देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बहुत धन्यवाद। लुधियाना में व्यापार और निर्यात के लिए अब असीम संभावनाएं हैं।’’

इस उड़ान में राज्यसभा के सदस्य विक्रमजीत साहनी और राजिंदर गुप्ता ने भी यात्रा की जो हाल ही में आम आदमी पार्टी (आप) से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए हैं। भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई के वरिष्ठ प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह बलियावल भी इसमें सवार थे।

बिट्टू ने हाल ही में कहा था कि शुरुआत में दिल्ली और हलवारा के बीच प्रतिदिन दो उड़ानें, एक सुबह और एक दोपहर संचालित की जाएंगी। इससे क्षेत्र के संपर्क में बड़ा सुधार होगा। यह राज्य में यात्रा, व्यापार एवं समग्र आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देगा।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फरवरी में जालंधर यात्रा के दौरान लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का ऑनलाइन उद्घाटन किया था।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button