पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक राजनीतिक परिवर्तन: शुभेंदु अधिकारी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक राजनीतिक परिवर्तन: शुभेंदु अधिकारी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

-ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पीएम मोदी और अमित शाह की मौजूदगी में हुआ भव्य समारोह

कोलकाता, 09 मई । पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक नए युग की शुरुआत हुई, जब बीजेपी विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल आर.एन. रवि ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित देश के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। इस दौरान लाखों की संख्या में उमड़े समर्थकों के जयघोष से पूरा मैदान गूंज उठा।

शुभेंदु अधिकारी का मुख्यमंत्री बनने का मार्ग शुक्रवार को प्रशस्त हुआ था, जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना गया। पार्टी नेतृत्व ने बंगाल की जमीनी राजनीति में उनके गहरे प्रभाव और सांगठनिक क्षमता पर भरोसा जताते हुए उन्हें राज्य की कमान सौंपी है। अमित शाह ने खुद उनके नाम की घोषणा करते हुए इसे बंगाल के विकास और ‘सोनार बांग्ला’ के संकल्प की दिशा में एक निर्णायक कदम बताया।

शपथ ग्रहण समारोह में एनडीए के सहयोगी दलों के प्रमुख और बीजेपी शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी शामिल हुए, जिसे पार्टी के बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शपथ ग्रहण में शीर्ष नेतृत्व का शामिल होना यह दर्शाता है कि केंद्र सरकार के लिए पश्चिम बंगाल में पहली बार बनी यह सरकार कितनी महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालते ही शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में कानून-व्यवस्था और आर्थिक सुधारों को अपनी प्राथमिकता बताया है।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button