राज्यसभा की 11 सीटों के लिए हरियाणा, बिहार और ओडिशा में मतदान शुरू, क्रॉस वोटिंग के डर के बीच शाम 5 बजे आएंगे नतीजे
राज्यसभा की 11 सीटों के लिए हरियाणा, बिहार और ओडिशा में मतदान शुरू, क्रॉस वोटिंग के डर के बीच शाम 5 बजे आएंगे नतीजे
देश के तीन प्रमुख राज्यों—हरियाणा, बिहार और ओडिशा की 11 राज्यसभा सीटों के लिए आज सुबह 9 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। निर्वाचन आयोग द्वारा 10 राज्यों की कुल 37 सीटों पर चुनाव की घोषणा की गई थी, जिनमें से 26 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। आज हो रहे चुनाव में सबसे ज्यादा नजरें बिहार और ओडिशा पर टिकी हैं, जहाँ उम्मीदवारों की संख्या उपलब्ध सीटों से अधिक होने के कारण मुकाबला बेहद रोचक हो गया है। शाम 4 बजे तक चलने वाले इस मतदान के तुरंत बाद 5 बजे से मतों की गिनती शुरू होगी और देर शाम तक अंतिम परिणाम स्पष्ट हो जाएंगे।
बिहार की 5 सीटों के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए के अन्य उम्मीदवारों के सामने आरजेडी ने कड़ी चुनौती पेश की है। वहीं, हरियाणा की 2 सीटों के लिए सत्ताधारी बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है, जहाँ निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल ने समीकरणों को पेचीदा बना दिया है। बीजेपी ने अपनी दूसरी सीट सुनिश्चित करने के लिए नांदल को समर्थन दिया है, जिससे कांग्रेस खेमे में हलचल तेज है। दोनों ही राज्यों में सत्ता पक्ष और विपक्ष ने अपने-अपने विधायकों की ‘बाड़ेबंदी’ की थी, ताकि अंतिम समय में किसी भी प्रकार की क्रॉस-वोटिंग की संभावना को कम किया जा सके।
ओडिशा में 4 सीटों के लिए 12 साल बाद मतदान की स्थिति बनी है, क्योंकि यहाँ 5 उम्मीदवार मैदान में हैं। विपक्षी बीजेडी ने सत्ताधारी बीजेपी पर विधायकों की खरीद-फरोख्त (हॉर्स ट्रेडिंग) के गंभीर आरोप लगाए हैं। यहाँ जीत के लिए प्रत्येक उम्मीदवार को 30 प्रथम वरीयता मतों की आवश्यकता है, लेकिन किसी भी दल के पास चौथी सीट के लिए पूर्ण बहुमत नहीं है। ऐसे में निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप रे को बीजेपी का समर्थन मिलने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। कांग्रेस और सीपीआई(एम) की भूमिका यहाँ निर्णायक साबित हो सकती है, जिससे ओडिशा के चुनावी नतीजे चौंकाने वाले हो सकते हैं।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट