‘चैम्पियन खिलाड़ी ज्यादा समय तक…’, ऋषभ पंत को लेकर LSG के कोच जस्टिन लैंगर ने किया बड़ा दावा

‘चैम्पियन खिलाड़ी ज्यादा समय तक…’, ऋषभ पंत को लेकर LSG के कोच जस्टिन लैंगर ने किया बड़ा दावा

लखनऊ, 15 मार्च । लखनऊ सुपर जायंट्स के हेड कोच जस्टिन लैंगर ने कहा कि ऋषभ पंत आईपीएल 2026 में दमदार वापसी करेंगे। पंत ने मुंबई में प्रशिक्षण किया और सीजन से पहले अच्छी लय हासिल की है।

आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी। अब इस सीजन के शुरू होने में महज कुछ दिन ही बाकी रह गया है। इस सीजन से लखनऊ सुपर जायंट्स के हेड कोच जस्टिन लैंगर ने कहा कि एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत आईपीएल के 19वें सीजन में जोरदार वापसी करेंगे। लखनऊ की टीम अपने अभियान का आगाज एक अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ करेगी। लैंगर ने कहा कि पंत जैसे चैम्पियन खिलाड़ी ज्यादा देर तक मुश्किल दौर से नहीं गुजरते हैं।

ऋषभ पंत से आगामी सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स को दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। खराब फॉर्म से जूझ रहे पंत इन दिनों जमकर ट्रेनिंग कर रहे हैं। हाल ही में उन्हें मुंबई में एक छोटे से कैंप में भारत के पूर्व खिलाड़ी युवराज सिंह की देखरेख में प्रैक्टिस करते देखा गया था। लैंगर ने कहा कि पंत सीजन के आगाज से पहले अच्छी लय में दिखाई दे रहे हैं।

दमदार प्रदर्शन करने को तैयार हैं पंत
जस्टिन लैंगर ने ‘ईएसपीएन क्रिकइंफो’ से कहा, “वह दमदार प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। वह अभी ट्रेनिंग कर रहे हैं। हमारा एक कैंप अभी चल रहा है, इसलिए मैं उससे कुछ दिनों में मिलूंगा। वह पूरी तरह से जोश में है और जैसा मैंने कहा कि सभी चैंपियनों की तरह वह ज्यादा देर तक मुश्किल में नहीं रहते। पिछले साल आईपीएल के आखिरी मुकाबलों में पंत ने दिखाया था कि वह कितना शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं। यही वजह है कि इस सीजन भी हमें उनसे दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है।”

पंत को LSG ने 27 करोड़ में किया था शामिल
उल्लेखनीय है कि ऋषभ पंत को आईपीएल 2025 के लिए हुए ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ की रिकॉर्ड बोली लगाते हुए खरीदा था। वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। इस साल जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से ठीक पहले बल्लेबाजी करते हुए पंत की पसली में खिंचाव आया था। इसके बाद से विकेटकीपर-बल्लेबाज ने कोई मैच नहीं खेला है।

आईपीएल 2025 पंत के लिए रहा था निराशाजनक
आईपीएल 2025 में ऋषभ पंत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। पंत 14 मुकाबलों में 133 के मामूली स्ट्राइक रेट से 269 रन ही बना सके थे। साल 2016 में इस टूर्नामेंट में डेब्यू करने के बाद से यह उनका सबसे खराब प्रदर्शन था। हालांकि, पंत ने पिछले सीजन के आखिरी मुकाबले में आरसीबी के खिलाफ 118 रनों की नाबाद पारी खेली थी। हालांकि, पंत की कप्तानी में लखनऊ का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था और टीम ने सातवें स्थान पर रहते हुए टूर्नामेंट का अंत किया था।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button