उत्तराखंड की 12 वर्षीय कायरा भंडारी का टेबल टेनिस में अद्भुत कीर्तिमान, एक साथ 5 कैटेगरी में नेशनल चैंपियनशिप के लिए हुआ चयन, ओलंपिक गोल्ड पर है नजर
उत्तराखंड की 12 वर्षीय कायरा भंडारी का टेबल टेनिस में अद्भुत कीर्तिमान, एक साथ 5 कैटेगरी में नेशनल चैंपियनशिप के लिए हुआ चयन, ओलंपिक गोल्ड पर है नजर

लखनऊ/देहरादून, उत्तराखंड की 12 वर्षीय ‘वंडर गर्ल’ कायरा भंडारी ने टेबल टेनिस की दुनिया में अपनी असाधारण प्रतिभा से सबको हैरान कर दिया है। हरिद्वार में आयोजित स्टेट चैंपियनशिप में कायरा ने अंडर-13 से लेकर सीनियर महिला वर्ग तक कुल पांच अलग-अलग श्रेणियों में पदक जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने अंडर-15 और अंडर-19 में गोल्ड, अंडर-13 और सीनियर वर्ग में सिल्वर, जबकि अंडर-17 में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत अब वे नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 में रिकॉर्ड पांच श्रेणियों में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं।
लखनऊ के विकासनगर स्थित पैसिफिक टेबल टेनिस अकादमी में अंतरराष्ट्रीय कोच पराग अग्रवाल से प्रशिक्षण ले रही कायरा रोजाना 7 से 8 घंटे कड़ा अभ्यास करती हैं। खेल के प्रति उनके समर्पण का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे अपनी पढ़ाई को बाधित न करने के लिए इंटरनेशनल ऑनलाइन स्कूल से शिक्षा ले रही हैं। उनकी मां लतिका भंडारी लखनऊ में उनके साथ रहकर उनके आहार और ट्रेनिंग का पूरा ख्याल रखती हैं। कायरा ने मात्र 6 साल की उम्र में पैडल थामा था और आज वे देश की सबसे तेजी से उभरती हुई टेबल टेनिस स्टार बन चुकी हैं।
आगामी महिला दिवस के उपलक्ष्य में चर्चा में आई कायरा का सपना अगले 5 वर्षों में एशियाई खेलों और ओलंपिक में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतना है। शरत कमल और मनिका बत्रा को अपना आदर्श मानने वाली कायरा को विज्ञान विषय और सुधा मूर्ति की किताबें पढ़ना पसंद है। उनके कोच का मानना है कि कायरा की एकाग्रता और फुर्ती उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी बनाती है। नेशनल चैंपियनशिप के बाद उनका अगला लक्ष्य भारतीय अंतरराष्ट्रीय टीम में जगह बनाना है, ताकि वे वैश्विक मंच पर तिरंगा फहराकर देश का राष्ट्रगान बजा सकें।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

