सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में बीते सप्ताह 4.48 लाख करोड़ रुपये की भारी गिरावट
सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में बीते सप्ताह 4.48 लाख करोड़ रुपये की भारी गिरावट

नई दिल्ली, 15 मार्च। सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 4.48 लाख करोड़ रुपये की भारी गिरावट आई। सबसे ज्यादा नुकसान भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और एचडीएफसी बैंक को हुआ।
बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 4,354.98 अंक या 5.51 प्रतिशत नीचे आ गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 1,299.35 अंक या 5.31 प्रतिशत के नुकसान में रहा। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच महंगाई के दबाव और वैश्विक आर्थिक स्थिरता को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं, जिससे स्थानीय शेयर बाजार बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
समीक्षाधीन सप्ताह में एसबीआई का बाजार मूल्यांकन सबसे ज्यादा 89,306.22 करोड़ रुपये घटकर 9,66,261.05 करोड़ रुपये पर आ गया।
एचडीएफसी बैंक की बाजार हैसियत 61,715.32 करोड़ रुपये घटकर 12,57,391.76 करोड़ रुपये रही।
बजाज फाइनेंस का मूल्यांकन 59,082.49 करोड़ के नुकसान के साथ 5,32,053.54 करोड़ रुपये और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का बाजार पूंजीकरण 53,312.52 करोड़ रुपये घटकर 8,72,067.63 करोड़ रुपये रह गया।
आईसीआईसीआई बैंक की बाजार हैसियत 42,205.04 करोड़ घटकर 8,97,844.78 करोड़ रुपये और भारती एयरटेल का मूल्यांकन 38,688.78 करोड़ के नुकसान के साथ 10,28,431.72 करोड़ रुपये रह गया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के मूल्यांकन में 33,289.88 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 18,68,293.17 करोड़ रुपये रह गया।
भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मूल्यांकन 31,245.49 करोड़ रुपये घटकर 4,88,985.57 करोड़ रुपये और इन्फोसिस का पूंजीकरण 24,230.96 करोड़ रुपये घटकर 5,06,315.58 करोड़ रुपये रह गया।
हिंदुस्तान यूनिलीवर की बाजार हैसियत 15,401.57 करोड़ रुपये घटकर 5,07,640.94 करोड़ रुपये रह गई।
शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम पर रही। उसके बाद क्रमश: एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इन्फोसिस और एलआईसी का स्थान रहा।