सपा ने कीर्ति कोल को बनाया विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवार..
सपा ने कीर्ति कोल को बनाया विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवार..

लखनऊ, 31 जुलाई। समाजवादी पार्टी ने विधान परिषद उपचुनाव के लिए उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। पार्टी ने कीर्ति कोल को उम्मीदवार बनाया है। वह एक अगस्त को नामांकन करेंगी। कीर्ति मिर्जापुर की छानबे विधानसभा से पहले प्रत्याशी रह चुकी हैं। वह आदिवासी समाज की है।
विधान परिषद के दो सदस्य अहमद हसन जिनका कार्यकाल 30 जनवरी 2027 तक था, 20 फरवरी 2022 को निधन हो जाने और ठाकुर जयवीर सिंह जिनका कार्यकाल 5 मई 2024 तक था, 24 मार्च 2022 को त्यागपत्र दे दिए जाने के कारण यह सीटें रिक्त हो गई थीं। इन सीटों पर उप चुनाव हो रहे हैं।एक अगस्त को नामांकन की अंतिम तिथि है। दो अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच होगी। चार अगस्त तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 11 अगस्त को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। मतदान के ठीक बाद मतों की गणना होगी।
भाजपा ने इन्हें बनाया उम्मीदवार
भाजपा ने धर्मेंद्र सिंह सैंथवार को उम्मीदवार बनाकर जहां एक ओर क्षेत्रीय पदाधिकारियों की हौसलाफजाई की है, वहीं गोरखपुर क्षेत्र में पिछड़े वर्ग की प्रमुख सैंथवार जाति के मतदाताओं को साधने की भी कोशिश की है। इसी तरह प्रयागराज निवासी निर्मला पासवान को उम्मीदवार घोषित कर महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के साथ दलित वर्ग को भी संदेश देने की कोशिश की है। विधानसभा में भाजपा गठबंधन के 273 विधायक हैं।
दीदार ए हिन्द की रिपोर्ट