श्रीलंका की जेलों में बंद हैं 97 भारतीय मछुआरे : सरकार…
श्रीलंका की जेलों में बंद हैं 97 भारतीय मछुआरे : सरकार…

नई दिल्ली, 27 मार्च। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरूवार को राज्यसभा को बताया कि अभी 97 भारतीय मछुआरे श्रीलंका की जेलों में बंद हैं।
डा . जयशंकर ने सदन में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों के जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा कि श्रीलंका सरकार ने पिछले दो तीन वर्षों में इस संबंध में कड़े कानून बनाये हैं। भारत सरकार मछुआरों की रिहायी के बारे में श्रीलंका सरकार के साथ राजनयिक स्तर पर समय समय पर बात करती रहती है। उन्होंने कहा कि गलती से श्रीलंका की समुद्री सीमा में चले जाने वाले मछुआरों की सहायता के लिए सरकार उनकी नौकाओं पर ट्रांसपोंडर लगाने का काम कर रही है। इसके अलावा मछुआरों को दूसरे विकल्प भी दिये जा रहे हैं।
विदेश मंत्री ने कहा कि इसके अलावा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत भी मछुआरों को सहायता दी जाती है।
पर्यावरण , वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने एक अन्य पूरक प्रश्न के जवाब में कहा कि केरल में मानव- पशु संघर्ष की घटनाओं में 344 लोगों की मृत्यु हुई है। उन्होंने कहा कि मनुष्य और वन्य जीवों के बीच संघर्ष एक चुनौती है। उन्होंने कहा कि 344 लोगों में से ज्यादातर की सांप के काटने से मृत्यु हुई है जबकि एक सौ तीन लोगों की मृत्यु हाथियों के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में स्थिति के अध्ययन के लिए कोयम्बटूर में एक वैज्ञानिक कैन्द्र बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वन्यजीव कानूनों के तहत पंचायतों को भी यह अधिकार दिया गया है कि यदि कोई जानवर फसलों या मनुष्यों के लिए खतरनाक हो जाता है तो उसे मारा जा सकता है।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट