लाखों दिलों से मिले आशीर्वादों का प्रतीक है ‘जलसा’: अमिताभ बच्चन

लाखों दिलों से मिले आशीर्वादों का प्रतीक है ‘जलसा’: अमिताभ बच्चन

मुंबई, 09 मार्च। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने हाल ही में अपने घर जलसा को लेकर एक भावनात्मक नोट साझा किया, जिसमें उन्होंने इसे सिर्फ एक मकान नहीं, बल्कि लाखों दिलों से मिले आशीर्वादों का प्रतीक बताया। उन्होंने लिखा कि जलसा तीन दशकों से ज्यादा समय से उनके परिवार के जीवन का आधार रहा है, जहां उनके बच्चे बड़े हुए, उनकी शादियां हुईं और अब उनके पोते-पोती भी इसी घर की गर्माहट में पल बढ़ रहे हैं। अमिताभ ने बताया कि प्रशंसकों का प्यार ही जलसा को एक खास जगह बनाता है।
उन्होंने लिखा कि आज की व्यस्त दिनचर्या में जब फैंस समय निकालकर उनसे मिलने आते हैं और उनके स्वास्थ्य की कामना करते हैं, तो यह उनके लिए किसी दिव्य अनुभव जैसा लगता है। उन्होंने सभी को अपना बड़ा परिवार बताते हुए कहा कि उनका प्रेम और आशीर्वाद अमूल्य है और यही उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। अपनी ब्लॉग पोस्ट में उन्होंने जलसा को खुशियों, जश्न और साथ का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह घर परिवार के रिश्तों, उत्सवों और जीवन की निरंतर यात्रा का साक्षी रहा है। उन्होंने इसे वह स्थान बताया जो हमेशा अपनापन और आनंद का अनुभव कराता है। उनके अनुसार, जलसा सिर्फ दीवारों से बना एक मकान नहीं बल्कि भावनाओं, यादों और वर्षों से संजोए गए स्नेह का केंद्र है। कार्य के मोर्चे पर, अमिताभ बच्चन आने वाले महीनों में कई बड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आएंगे।
इन दिनों वे हैदराबाद में बहुप्रतीक्षित साइंस-फिक्शन फिल्म कल्की 2898 एडी पार्ट 2 की शूटिंग कर रहे हैं, जिसमें वे अश्वत्थामा की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा वे ब्रम्हास्त्र पार्ट 2, सेक्सन 84, द इंटर्न (रिमेक) और आंखें 2 जैसे कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का भी हिस्सा हैं। अमिताभ की यह भावुक अभिव्यक्ति न केवल उनके प्रशंसकों के प्रति उनके गहरे प्रेम को दर्शाती है, बल्कि उनके परिवार और घर से जुड़े अनमोल संबंधों को भी उजागर करती है। बता दें कि मेगास्टार अमिताभ बच्चन अक्सर अपने ब्लॉग के माध्यम से प्रशंसकों से संवाद करते रहते हैं।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button