रामायण में भगवान श्री राम का किरदार निभाने वाले थे कुणाल सिंह…
रामायण में भगवान श्री राम का किरदार निभाने वाले थे कुणाल सिंह…

मुंबई, 26 अप्रैल । भोजपुरी सिनेमा के महानायक कुणाल सिंह दूरदर्शन के लोकप्रिय सीरियल रामायण में भगवान श्रीराम की भूमिका निभाने वाले थे। सीरियल रामायण में भगवान श्रीराम की भूमिका अरूण गोविल ने निभायी थी, लेकिन शुरूआती दौर में इस भूमिका के लिये कुणाल सिंह का चयन किया गया था।
सीरियल रामायण में लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले सुनील लहरी ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में बताया कि भगवान राम के लिये कुणाल सिंह का चयन किया गया था। उन्होंने बताया कि निर्माताओं को लगा कि श्रीराम के लिये जो चेहरा है उसके लिये कुणाल सिंह फिट हैं।वहीं भरत के किरदार के लिये अरूण गोविल का चयन किया गया था। उन्होंने कहा अरण गोविल ने कहा कि यदि वह रामायण में काम करेंगे तो भगवान श्रीराम का रोल करेंगे नहीं तो नहीं करेंगे। किसी वजह से बात नहीं बनी फिर अरूण गोविल को भगवान श्री राम के रोल के लिये बुलाया गया।
कुणाल सिंह ने संवाद एजेंसी ‘यूनीवार्ता’ को बताया कि उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म गंगा किनारे मोरा गांव मुंबई के मिनर्वा थियेटर में कई दिनों तक चली। मिनर्वा में ही शोले फिल्म प्रदर्शित की गयी थी। इसके बाद फिल्म इंडस्ट्री में यह चर्चा होनी शुरू हो गयी, यह कौन क्षेत्रीय फिल्म अभिनेता है जिनकी फिल्में मिनर्वा में चलती है। इसी दौरान रामानंद सागर ने मुझे एक भोजपुरी फिल्म के लिये अनुबंधित किया। इसके बाद मैं अन्य फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त हो गया। इन सबके बीच मैं बिहार के आरा में एक भोजपुरी फिल्म की शूटिंग कर रहा था। रामानंद सागर ने अपने बेटे सुभाष सागर को मेरे पास भेजा। सुभाष जी ने बताया कि रामानंद सागर दूरदर्शन के लिये धार्मिक सीरियल रामायण बना रहे हैं और वह चाहते हैं आप श्रीराम का किरदार करें।
कुणाल सिंह ने बताया, सीरियल रामायण के लिये रामानंद सागर ने राम और भरत के किरदार के लिये मेरा ऑडिशन लिया और मुझसे कहा कि आप श्रीराम का किरदार निभा रहे हैं। बाद में सागर साहब ने मुझसे कहा कि आप भरत का किरदार निभायें। इस पर मैंने उनसे कहा कि यदि मैं रामायण में काम करूंगा तो श्रीराम का किरदार निभाउंगा नहीं तो नहीं करूंगा। इस तरह मैंने रामायण में काम करने से मना कर दिया।
सुनील लहरी ने बताया कि सीरियल रामायण में रावण का किरदार के लिये अमरीश पुरी के बारे में सोंचा गया था, बाद में इसके लिये अरविंद त्रिवेदी का चयन किया गया। उन्होंने बताया कि अरविंद त्रिवेदी ,रावण का रोल नहीं निभाना चाहते थे। अरविंद त्रिवेदी केवट का किरदार निभाना चाहते हैं। वह भगवान राम के सेवक केवट का रोल करना चाहते थे, लेकिन सागर साहब ने उनसे कहा कि आप रावण का रोल करें। उन्होंने बताया इसी तरह मां सीता के किरदार के लिये बंगला फिल्म अभिनेत्री देबश्री का चयन किया गया, लेकिन बात नहीं बनी। बाद में मां सीता का किरदार दीपिका ने निभाया।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट