पटेल इंजीनियरिंग का चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ दोगुने से अधिक होकर 71.49 करोड़ रुपये

पटेल इंजीनियरिंग का चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ दोगुने से अधिक होकर 71.49 करोड़ रुपये

नई दिल्ली, पटेल इंजीनियरिंग का वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ दोगुने से अधिक होकर 71.49 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी ने 2024-25 की चौथी (जनवरी–मार्च) तिमाही में 32.80 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।

पटेल इंजीनियरिंग ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का खर्च 1,498.3 करोड़ रुपये से घटकर 1,311.3 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि, कुल आय भी सालाना आधार पर 1,637 करोड़ रुपये से कम होकर 1,456 करोड़ रुपये रह गई।

कंपनी ने एक अलग बयान में कहा कि समूचे वित्त वर्ष 2025-26 में उसका शुद्ध लाभ 21.60 प्रतिशत बढ़कर 294.50 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 242.17 करोड़ रुपये था। कुल आय 5,259.6 करोड़ रुपये से बढ़कर 5,268.5 करोड़ रुपये हो गई।

कंपनी की प्रबंध निदेशक कविता शिरवाइकर ने कहा, ‘‘चौथी तिमाही और वित्त वर्ष 2025-26 का प्रदर्शन अनुशासित क्रियान्वयन एवं परिचालन दक्षता पर हमारे निरंतर ध्यान को दर्शाता है। वर्ष के दौरान हमने अपने ऋण-शेयर अनुपात को भी 0.43 गुना से घटाकर 0.27 गुना कर लिया।’’

उन्होंने कहा कि जलविद्युत, सुरंग निर्माण, सिंचाई, परिवहन एवं शहरी अवसंरचना क्षेत्रों में कई अवसर उभर रहे हैं जिन्हें अवसंरचना विकास पर सरकार के निरंतर ध्यान का समर्थन मिल रहा है।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button