‘धुरंधर 2’ के प्रीमियर शो पर आया निर्देशक आदित्य धर का बड़ा बयान, तकनीकी खराबी के लिए मांगी माफी, दक्षिण भारतीय भाषाओं के शो पर दिया ताजा अपडेट

‘धुरंधर 2’ के प्रीमियर शो पर आया निर्देशक आदित्य धर का बड़ा बयान, तकनीकी खराबी के लिए मांगी माफी, दक्षिण भारतीय भाषाओं के शो पर दिया ताजा अपडेट

रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की रिलीज से ठीक पहले आयोजित ‘पेड प्रीव्यू’ शोज में आई तकनीकी दिक्कतों ने प्रशंसकों को थोड़ा निराश किया। 18 मार्च को तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में कई शो तकनीकी कारणों से रद्द होने की खबरें आईं, जिसके बाद निर्देशक आदित्य धर ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक बयान जारी कर दर्शकों से क्षमा मांगी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धुरंधर उनके लिए महज एक फिल्म नहीं, बल्कि एक सपना है जिसे उन्होंने संजोया है। हिंदी बेल्ट में ज्यादातर शो शाम 5 बजे से सुचारू रूप से शुरू हो गए थे, लेकिन दक्षिण भारतीय भाषाओं के वर्जन में आई रुकावटों को दूर करने के लिए टीम लगातार काम कर रही है।

आदित्य धर ने अपने स्टेटमेंट में शोज का नया समय साझा करते हुए बताया कि सभी तमिल और तेलुगु प्रीमियर शो रात 9 बजे से शुरू कर दिए गए हैं। हालांकि, मलयालम और कन्नड़ वर्जन के दर्शकों को थोड़ा और इंतजार करना होगा, क्योंकि कुछ अप्रत्याशित तकनीकी समस्याओं के चलते इन भाषाओं के शो अब 19 मार्च की सुबह से ही प्रदर्शित किए जाएंगे। निर्देशक ने दर्शकों को विकल्प देते हुए कहा कि जिनके पास डब वर्जन के टिकट हैं, वे या तो अपना रिफंड ले सकते हैं या फिर सबटाइटल के साथ हिंदी वर्जन देख सकते हैं। उन्होंने प्रशंसकों के धैर्य की सराहना करते हुए कहा कि इस फिल्म के लिए जनता का प्यार ही उनके लिए सब कुछ है।

फिल्म की रिलीज के साथ ही आदित्य धर ने दर्शकों से एक विशेष अपील भी की है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अनुरोध किया है कि फिल्म के रोमांचक मोड़ और ट्विस्ट को लीक न करें ताकि अन्य दर्शक भी सिनेमाघरों में इसका पूरा आनंद ले सकें। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि निर्देशक ने फैंस को फिल्म के क्रेडिट्स खत्म होने तक अपनी सीटों पर बने रहने की सलाह दी है। माना जा रहा है कि फिल्म के अंत में ‘धुरंधर 3’ से जुड़ा कोई बड़ा हिंट या ‘पोस्ट-क्रेडिट सीन’ छुपा हुआ है। 3 घंटे 49 मिनट की इस महागाथा को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है और इसे साल की सबसे बड़ी एक्शन फिल्म माना जा रहा है।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button