ताइवान ने किया चीनी विमान और पांच नौसैनिक जहाजों की घुसपैठ का दावा…
ताइवान ने किया चीनी विमान और पांच नौसैनिक जहाजों की घुसपैठ का दावा…

ताइपे/नई दिल्ली, 22 जुलाई । ताइवान के रक्षा मंत्रालय (एमएनडी) ने सोमवार सुबह करीब छह बजे चीन के एक लड़ाकू विमान और पांच नौसैनिक जहाजों को ताइवान के समुद्री क्षेत्र में देखने का दावा किया है।
लड़ाकू विमान ने ताइवान स्ट्रेट की मध्य रेखा को पार करते हुए ताइवान के नॉर्थ एयर डिफेंस आइडेंटिफिकेशन जोन (एडीआईजेड) में प्रवेश किया, जिसके बाद ताइवान की सेना ने कार्रवाई की।
एमएनडी ने ‘एक्स’ पोस्ट पर लिखा, “सोमवार सुबह 6 बजे तक ताइवान के आसपास संचालित पीएलए के एक लड़ाकू विमान और पांच पीएलएएन जहाजों का पता चला। हमने स्थिति पर नजर रखते हुए कार्रवाई की है।”
चीन और ताइवान के बीच तनाव चरम पर है। इस बीच चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ताइवान के हवाई और समुद्री क्षेत्र में घुसपैठ करने की कोशिश में है।
इससे पहले, 15 जुलाई को भी ताइवान ने चीन के 26 फाइटर जेट्स, एक जहाज और सात नौसैनिक जहाजों को देश की सीमा में देखा था। इस दौरान 21 विमानों ने मध्य रेखा को पार करते हुए ताइवान के एडीआईजेड में घुसपैठ की।
इसी दिन ताइवान ने अपने मेट्रो स्टेशनों पर युद्धाभ्यास किया था। यह युद्धाभ्यास चीन के बढ़ते सैन्य दबाव के बीच किया गया था।
20 जून को भी चीन के 74 फाइटर जेट्स ताइवान की ओर आए थे, जिनमें 61 फाइटर जेट्स ने मध्य रेखा को पार किया था।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक अगले छह महीनों में चीन, ताइवान पर हमले की योजना बना रहा है। चीन अगर हमला करता है, तो इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ेगा। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दावा कर चुके हैं कि वह अपने कार्यकाल में ऐसा नहीं होने देंगे।
ऐसा दावा किया जा रहा है कि चीन साल 2027 तक अपनी सैन्य ताकत और तैयारियों को मजबूत करना चाहता है। ताइवान और अमेरिका के अधिकारी साल 2027 में चीन के आक्रमण की आशंका जता रहे हैं, क्योंकि इस वर्ष चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी अपनी 100वीं वर्षगांठ मनाने जा रही है।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट