डीएम सौरभ ने फिर चिकित्सक बन किए 82 अल्ट्रासाउंड..

डीएम सौरभ ने फिर चिकित्सक बन किए 82 अल्ट्रासाउंड..

रुद्रप्रयाग/देहरादून, 10 मार्च। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी और उत्तराखंड में रूद्रप्रयाग जनपद के जिलाधिकारी डॉ. सौरभ गहरवार शनिवार को फिर एक बार चिकित्सक के रूप में रोगियों के साथ नजर आए।
स्वास्थ्य केंद्र में लगातार अल्ट्रासाउंड की डिमांड आने के चलते डा. गहरवार ने आज (द्वितीय शनिवार को अवकाश के दिन) बिलेश्वर सीएचसी (टिहरी) पहुंचे। यहां उन्होंने विभिन्न महिलाओं समेत कुल 82 लोगों का अल्ट्रासाउंड भी किया।
डा. गहरवार लगातार जनपद टिहरी के बिलेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भी अल्ट्रासाउंड की सेवाएं दे रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि जनपद रुद्रप्रयाग की जिम्मेदारी संभालने से पूर्व डॉ. गहरवार जनपद टिहरी में बतौर जिलाधिकारी एक साल तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
इसी दौरान, उन्हें टिहरी के सीएचसी बिलेश्वर में अल्ट्रासाउंड डॉक्टर की कमी की जानकारी मिली। स्थानीय महिलाओं की समस्या को समझते हुए उन्होंने सीएचसी बिलेश्वर में अल्ट्रासाउंड करना शुरू किया।
स्मरण रहे कि डा. गहरवार सिविल सेवाओं में आने से पहले बतौर रेडियोलॉजिस्ट अपनी सेवाएं दे चुके हैं। टिहरी में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने लगातार सीएचसी बिलेश्वर में अपनी सेवाएं दी।
बीते वर्ष रुद्रप्रयाग में जिलाधिकारी की जिम्मेदारी संभालने के बाद भी बिलेश्वर के लोगों की जरूरत एवं भावनाओं को ध्यान में रखते हुए रुद्रप्रयाग से लगभग 90 किमी की दूरी पर स्थित बिलेश्वर सीएचसी में डॉ. गहरवार लगातार अल्ट्रासाउंड की सेवाएं दे रहे हैं।
आज (शनिवार को) जिलाधिकारी बिलेश्वर सीएचसी पहुंचे और वहां उन्होंने महिलाओं समेत कुल 82 अल्ट्रासाउंड किए। उनके बिलेश्वर पहुंचने पर स्थानीय लोगों में काफी खुशी नजर आई। स्थानीय लोगों ने उनको धन्यवाद दिया।
जिलाधिकारी गहरवार अब तक बिलेश्वर में 1300 से अधिक महिलाओं का अल्ट्रासाउंड कर चुके हैं।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button