गैस संकट पर कांग्रेस फैला रही है भ्रम: शेखावत
गैस संकट पर कांग्रेस फैला रही है भ्रम: शेखावत

जोधपुर, 15 मार्च । केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा है कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है और कांग्रेस पार्टी इसे मुद्दा बनाकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का गैर-जिम्मेदाराना प्रयास कर रही है।
श्री शेखावत ने शनिवार को यहां मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने वैश्विक युद्ध की स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि पश्चिम पूर्व में जारी तनाव के कारण दुनिया भर के देशों के सामने चुनौतियां खड़ी हुई हैं। पड़ोसी देशों की तुलना करते हुए उन्होंने बताया कि पाकिस्तान में लगभग इमरजेंसी जैसी स्थिति है, जबकि बंगलादेश में छुट्टियां घोषित करके सरकारी कर्मचारियों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ पर भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि भारत अपनी जरूरत का 60 प्रतिशत से ज्यादा क्रूड ऑयल आयात करता है, जिसका 75 प्रतिशत फारस की खाड़ी के ‘होर्मुज क्षेत्र ‘ से आता है। ईरान द्वारा रोक लगाए जाने से आपूर्ति बाधित हुई थी, लेकिन सरकार ने सक्रिय तौर काम करते हुए अपने आयात स्रोतों का विस्तार किया। हम पहले 27 देशों से तेल मंगाते थे, लेकिन अब हमने 40 देशों के साथ समझौते कर आपूर्ति सुनिश्चित की है। हमारी सप्लाई लाइन अब खाड़ी देशों से आगे बढ़कर अमेरिका तक पहुंच चुकी है।
श्री शेखावत ने देश के 33 करोड़ गैस उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता घरेलू उपभोक्ता हैं। गैस की आपूर्ति निर्बाध रहे, इसके लिए एक बुकिंग प्रोटोकॉल बनाया गया है, ताकि घबराहट में आकर लोग जमा खोरी न करें। गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि कमर्शियल आपूर्ति को भी 20 प्रतिशत तक राहत दी गई है और केरोसिन का कोटा भी खोल दिया गया है।
कांग्रेस के प्रदर्शनों पर चुटकी लेते हुए श्री शेखावत ने कहा कि जोधपुर में प्रदर्शन करने वालों के घर जाकर देखना चाहिए कि क्या वहां लकड़ी या कोयले पर खाना बन रहा है। सबके घरों में गैस जल रही है, फिर भी भ्रम फैलाया जा रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी बातों को अब उनकी अपनी पार्टी भी गंभीरता से नहीं लेती। रूस से तेल आयात के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछले एक साल में भारत के कुल आयात का 22 प्रतिशत हिस्सा अकेले रूस से आया है, जो लगातार जारी है। उन्होंने श्री गांधी के बयानों को ‘काल्पनिक सूचनाओं’ पर आधारित बताया।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट