क्या बल्लेबाजों में कम हो गया जसप्रीत बुमराह का खौफ? 2016 के बाद पहली बार हुआ ऐसा

क्या बल्लेबाजों में कम हो गया जसप्रीत बुमराह का खौफ? 2016 के बाद पहली बार हुआ ऐसा

मुंबई, मुंबई इंडियंस के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आईपीएल 2026 में अब तक प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। तीन मैच खेलने के बावजूद वह एक भी विकेट लेने में सफल नहीं हो सके हैं।

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में अब तक 13 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें मुंबई इंडियंस ने तीन मैच खेले हैं और सिर्फ एक में जीत हासिल की है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन इस सीजन अब तक उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है। तीन मैचों में वह एक भी विकेट लेने में सफल नहीं हुए हैं। विरोधी टीम के बल्लेबाज उनके खिलाफ आक्रामक होने की बजाय समझदारी से शॉट खेलते नजर आए हैं, जिससे उनका दबदबा कुछ कम होता दिखा है। यही वजह रही कि बुमराह ज्यादा महंगे तो साबित नहीं हुए, लेकिन विकेट भी हासिल नहीं कर सके।

टी20 क्रिकेट में 8 साल बाद दोहराया गया रिकॉर्ड
जसप्रीत बुमराह की पहचान विश्व क्रिकेट के सबसे खतरनाक तेज गेंदबाजों में होती है, जिनका तीनों फॉर्मेट में दबदबा रहा है। ऐसे में लगातार तीन टी20 मैचों में बिना विकेट रहना चिंता का विषय है। करीब 8 साल बाद ऐसा देखने को मिला है जब बुमराह लगातार तीन मैचों में कोई विकेट नहीं ले सके। इससे पहले 2017-18 में उन्होंने ऐसा प्रदर्शन किया था, जिसमें दो मुकाबले श्रीलंका और एक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ था। वहीं आईपीएल में भी 10 साल बाद यह स्थिति बनी है। इससे पहले 2016 के सीजन में वह लगातार तीन मैचों में विकेट नहीं ले पाए थे।

इस सीजन में कैसा रहा बुमराह का प्रदर्शन
आईपीएल 2026 में जसप्रीत बुमराह के आंकड़ों पर नजर डालें तो कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पहले मैच में उन्होंने 4 ओवर में 35 रन दिए। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 4 ओवर में 21 रन खर्च किए। वहीं राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बारिश से प्रभावित मैच में 3 ओवर में 32 रन दिए। इन तीनों मैचों में वह किफायती तो रहे, लेकिन विकेट लेने में नाकाम रहे।

मुंबई इंडियंस, जो पांच बार आईपीएल खिताब जीत चुकी है, उसके लिए बुमराह का यह फॉर्म चिंता का कारण बन गया है। टीम फिलहाल तीन मैचों में 2 अंकों के साथ अंक तालिका में सातवें स्थान पर है और उसका नेट रनरेट -0.715 है। आने वाले मुकाबलों में बुमराह के प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी। मुंबई इंडियंस को अपना अगला मैच 12 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलना है, जहां टीम उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।

दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट

Related Articles

Back to top button