इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की फटकार के बाद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने डिलीट किया विवादित ट्वीट
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की फटकार के बाद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने डिलीट किया विवादित ट्वीट
इस्लामाबाद, 10 अप्रैल । पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ द्वारा इजरायल के खिलाफ की गई बेहद तल्ख टिप्पणी ने अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में तूफान खड़ा कर दिया है। ख्वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इजरायल को “कैंसर”, “दुष्ट” और “मानवता के लिए अभिशाप” जैसे शब्दों से संबोधित किया था। इस बयान पर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे अत्यंत अपमानजनक और अस्वीकार्य करार दिया। नेतन्याहू के कार्यालय से मिली सख्त चेतावनी और वैश्विक दबाव के बाद, पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने अपना विवादित पोस्ट सोशल मीडिया से हटा लिया है।
यह पूरा विवाद ऐसे संवेदनशील समय में सामने आया है जब पाकिस्तान खुद को अमेरिका और ईरान के बीच एक निष्पक्ष मध्यस्थ के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रहा है। इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने पाकिस्तान की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो देश किसी दूसरे राष्ट्र के विनाश की बात करता है, वह शांति वार्ता में तटस्थ भूमिका नहीं निभा सकता। ख्वाजा आसिफ ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया था कि जब इस्लामाबाद शांति की कोशिशें कर रहा है, तब इजरायल लेबनान में हमले कर रहा है, लेकिन उनके भड़काऊ शब्दों ने पाकिस्तान की कूटनीतिक कोशिशों को ही नुकसान पहुँचा दिया है।
सोशल मीडिया से पोस्ट हटाने के बावजूद इजरायल और पाकिस्तान के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। जानकारों का मानना है कि ख्वाजा आसिफ का ट्वीट डिलीट करना इस बात का संकेत है कि पाकिस्तान सरकार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी साख गिरने का डर सता रहा है। इजरायल ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी देश के अस्तित्व के खिलाफ सीधा आह्वान अंतरराष्ट्रीय नियमों का खुला उल्लंघन है। अब देखना यह होगा कि इस कूटनीतिक तनाव का असर आज इस्लामाबाद में होने वाली शांति वार्ता पर क्या पड़ता है और क्या पाकिस्तान अपनी विश्वसनीयता दोबारा बहाल कर पाएगा।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट