अफगानिस्तान के काबुल और कंधार में पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक से मचा हड़कंप, बमबारी में चार नागरिकों की मौत और कई घायल, सीमा पर तनाव चरम पर
अफगानिस्तान के काबुल और कंधार में पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक से मचा हड़कंप, बमबारी में चार नागरिकों की मौत और कई घायल, सीमा पर तनाव चरम पर

काबुल, 15 मार्च। पाकिस्तान ने गुरुवार रात अंतरराष्ट्रीय सीमा का उल्लंघन करते हुए अफगानिस्तान के भीतर कई हवाई हमले किए हैं। काबुल पुलिस के प्रवक्ता खलील जदरान के अनुसार, राजधानी में रिहायशी इलाकों पर हुई बमबारी में चार लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बताया कि पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने न केवल काबुल, बल्कि कंधार, पक्तिया और पक्तिका प्रांतों को भी निशाना बनाया। विशेष रूप से कंधार पर हुआ हमला बेहद संवेदनशील माना जा रहा है क्योंकि यह तालिबान शासन के सुप्रीम लीडर का मुख्य केंद्र है।
पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों ने पुष्टि की है कि यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन गजब लिल-हक’ के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य प्रतिबंधित आतंकी गुट टीटीपी (TTP) के ठिकानों को नष्ट करना है। पाकिस्तान का दावा है कि उसकी सेना ने केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया है और इसमें किसी आम नागरिक की जान नहीं गई है। हालांकि, तालिबान सरकार ने पाकिस्तान के इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि उनकी जमीन का इस्तेमाल किसी भी पड़ोसी देश के खिलाफ नहीं किया जा रहा है। पिछले एक महीने से पाकिस्तान में सुरक्षा बलों पर बढ़ते हमलों के बाद से इस्लामाबाद ने अफगानिस्तान पर दबाव बढ़ा दिया है।
संयुक्त राष्ट्र मिशन (UNAMA) ने इन हमलों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए चौंकाने वाले आंकड़े साझा किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 26 फरवरी से 5 मार्च के बीच पाकिस्तानी सैन्य अभियानों में 56 अफगान नागरिक मारे गए हैं, जिनमें 24 मासूम बच्चे शामिल हैं। इस सैन्य तनाव के कारण सीमावर्ती इलाकों से करीब 1,15,000 लोगों को अपना घर छोड़कर पलायन करना पड़ा है। बार-बार हो रही इन झड़पों से न केवल व्यापारिक मार्ग बाधित हो रहे हैं, बल्कि दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों में भी भारी कड़वाहट आ गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में अस्थिरता का खतरा पैदा हो गया है।
दीदार ए हिन्द की रीपोर्ट