फुफेरी बहन की शादी में आई नाबालिग छात्रा का अपहरण..
फुफेरी बहन की शादी में आई नाबालिग छात्रा का अपहरण..
![](https://deedarehind.com/wp-content/uploads/2023/05/download-2023-05-24T124612.737.jpg)
गाजियाबाद सिहानी गेट थानाक्षेत्र में फुफेरी बहन की शादी में आई दिल्ली की नाबालिग छात्रा के अपहरण का मामला सामने आया है। छात्रा जीटी रोड स्थित एक होटल में आयोजित शादी समारोह में आई थी। यहां से वह लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग न लगने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। अपहरण का केस दर्ज कर पुलिस छात्रा की तलाश में जुट गई है।
वेलकम दिल्ली की मजदूर जनता कॉलोनी में रहने वाले अनीस अहमद सैलून चलाते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बहन गाजियाबाद के इस्लामनगर में रहती हैं। सोमवार रात उनकी बेटी की शादी थी। मसूरी से बरात जीटी रोड स्थित वेस्ट व्यू होटल में आई थी। अनीस अहमद ने बताया कि भांजी की शादी के चलते वह अपनी 14 वर्षीय बेटी सुहाना को आठ-दस दिन पहले बहन के घर छोड़ गए थे। सुहाना दिल्ली के एक स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ती है। रविवार गाजियाबाद में भात भरके वह वापस दिल्ली चले गए और सोमवार को फिर से शादी समारोह में शामिल होने आ गए। अीस अहमद का कहना है कि रात करीब साढ़े 9 बजे उनकी बेटी अचानक लापता हो गई। काफी देर तक दिखाई न देने पर उसकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद सिहानी गेट पुलिस को सूचना दी गई।
दो लड़कियों के साथ बाहर निकली, वापस नहीं आई
छात्रा के लापता होने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो सुहाना दो लड़कियों के साथ बाहर आती दिखी। दोनों लड़कियां तो कुछ देर बाद वापस आ गईं, लेकिन सुहाना नहीं लौटी। इसके बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई। एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर छात्रा की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है। होटल के अलावा अन्य स्थानों पर भी सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
दीदार ए हिन्द की रिपोर्ट